संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय)
स्मार्ट मीटर की समस्याओं को लेकर भाकियू किसान ने किया घेराव, आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
छिबरामऊ (कन्नौज): स्मार्ट मीटरों से बढ़ती परेशानियों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने सोमवार को विद्युत वितरण खंड छिबरामऊ के अधिशासी अभियंता को आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। किसानों ने जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में बताया गया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में 30 से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। रिचार्ज के बाद भी कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहने, बिना सूचना कटौती और मोबाइल ऐप में गलत रीडिंग दिखने जैसी समस्याएं आम हो गई हैं।
भाकियू पदाधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं को मीटर की कार्यप्रणाली और बैलेंस कटने की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है, जिससे भ्रम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने ग्राम सराय सुंदर में चार माह पूर्व चोरी हुए ट्रांसफार्मर को अब तक न बदले जाने पर भी नाराजगी जताई और इसे किसानों के लिए गंभीर समस्या बताया।
किसानों ने विवादित मीटरों की जांच के लिए चेक मीटर लगाने, सर्वर व नेटवर्क की दिक्कतों को दूर करने और क्षेत्र में विशेष शिविर लगाकर शिकायतों का निस्तारण करने की मांग की। साथ ही बकाया बिल की सूचना मोबाइल पर देने, बिजली काटने से पहले सूचना देने और बकाया राशि की एक सीमा तय करने की मांग भी उठाई।
अधिशासी अभियंता ने किसानों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया है।






