राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
____________________
कुछ और होना हो गया.
____________________
कुछ और होना हो गया
जो था होना वह तो हुआ ही नहीं
दीवार में गहरा सुराख होना था वांछित
जिसमें रखी जाती, भरी जाती बारूद
और बुनियाद में था होना महाविस्फोट
सुराख तो हुआ नहीं तनिक-सा भी कहीं
महाविस्फोट भी कहीं भी दिया नहीं दिखाई
दरारें हो गईं पर्याप्त से अन्यथा अनंत तक
था सोचा कि थोड़ा सरल होगा जीवन
मगर दिन-ब-दिन बढ़ती गईं मुश्किलें
था चाहा कि थोड़ी ताजा मिलेंगी हवाएँ
मगर दिन-ब-दिन बढ़ती गईं मोटरगाड़ियाँ
जलाई जाने लगीं जँगल में झोपड़ियाँ
घर-घर में भरता गया, बढ़ता गया धुआँ
कम से कम और कमतर होने लगा प्रेम
रोटियाँ चार मिलें, चार ही सही, हर्ज नहीं
मगर हो बँटवारा बराबर-बराबर, है जरुरी
नहीं हो, ऐसा नहीं हो बार-बार जैसा ही कुछ
कि हो फिर-फिर वही, फिर-फिर हो वैसा ही
होता रहे निर्णय, तरसता रहे न्याय ?
***************************
____________________
समूचे दृश्य के अदृश्य में.
____________________
समूचे दृश्य के अदृश्य में
सभी उपकरण ले लिए शब्दकोष ने
घातक होता है शेर वह, जो होता है घायल
घायल के हर जख्म से टपकता है खून
और टपकते हर खून का रँग एक, रँगत एक
मुनासिब करूँ कैसे, जिसका नहीं पक्षधर मैं
कारण बनूँ कैसे, मौत नहीं रिश्तेदार मेरो
ढ़लान की ओर तो यूँ ही बह जाता है पानी
पसीना बहाना होता है कि सिर चढ़कर बोले
कि बिन पानी सूना है बेकार है संसार सारा
ताप है कि बढ़ता ही जा रहा है हद-बेहद
बर्दाश्त करने की हद भी होती है खत्म
विजेता-हथियारों पर भी बरसता है पानी
वक्त की मार बड़ी हो जाती है एक दिन
शिथिलता से बड़ी हार नहीं, कायरता नहीं
कुछ किया नहीं जीवनभर तो जीवन क्या
समूचे दृश्य के अदृश्य में.
________________________






