संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय)
जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति तेज करने के दिए निर्देश।
कन्नौज: जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।जिलाधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में शौचालय निर्माण के निर्धारित 7373 लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास खण्डवार लक्ष्य आवंटित कर पात्र लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही जनसुनवाई एवं तहसील दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर ब्लॉक स्तर पर शौचालय एवं आवास का पात्रता रजिस्टर तैयार कर लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने जनपद में लंबित एवं अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत अपूर्ण ‘अन्नपूर्णा मॉडल शॉप’ के निर्माण कार्य को अप्रैल माह में हर हाल में पूरा कराने को कहा।गौशालाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गर्मी के मद्देनजर गौवंशों के लिए छाया, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी गौआश्रय स्थलों पर तैनात केयरटेकरों की सूची एवं विवरण तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।
फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इस सप्ताह स्पष्ट प्रगति दिखाई देनी चाहिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, प्रभागीय वन अधिकारी हेमंत सेठ, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






