सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
अध्यक्ष – दुर्गा शक्ति समिति
गोबरा नवापारा/राजिम,
रायपुर (छ.ग.)
(नया अध्याय, देहरादून)
लेख –
“आलोकित अंतरात्मा: निस्वार्थ कर्म और संतुलित जीवन”
-सुश्री सरोज कंसारी
__________________________________________
“कर्म की महानता ‘प्रेम ‘और ‘अनासक्ति’ में है। जब हम फल की चिंता छोड़कर उत्तरदायित्वों को आनंद और समर्पण से निभाते हैं, तब साधारण कर्म भी ‘साधना’ बन जाता है। स्वार्थ से ऊपर उठा और प्रेम से अभिसिंचित कर्म बोझ नहीं, बल्कि ईश्वर की ‘पूजा’ है, जो अंतरात्मा को आलोकित और जीवन को संतुलित कर देता है।”
आज पागलों की दुनिया है, हम ख़ुद समझदार पागल हो जाते हैं… क्योंकि इस भीड़ में ‘सामान्य’ बने रहना ही सबसे बड़ी सनक है। जहाँ सब किसी न किसी अंधी दौड़ का हिस्सा हैं, वहाँ अपनी चेतना को जीवित रखना दुनिया की नज़र में पागलपन ही कहलाता है।
शायद इस बेतुकी दुनिया में सुखी रहने का यही एक तरीका है—कि हम बाहर से उनके जैसे दिखें, पर भीतर से अपनी समझदारी के एकांत में मुस्कुराते रहें। जब सारा जहाँ ही दिवाना हो, तो समझदारी का मुखौटा पहनकर अपनी मस्ती में जीना ही असली बुद्धिमानी है।
डरना कैसा असफलता से, यह तो केवल एक पड़ाव है,
जीत उसी की निश्चित है, जिसका अडिग स्वभाव है।
तेरी भुजाओं के बल से ही, भाग्य की रेखा मुड़ती है,
जब उड़ता है परिंदा साहस से, तभी तो ऊँचाई जुड़ती है।
उठ, जाग और हुंकार भर, कर्म ही तेरा धर्म है,
संसार झुकेगा चरणों में, यदि प्रबल तेरा सत्कर्म है।
सत्कर्म एक प्रतिध्वनि की भाँति हैं; जब हम दूसरों के प्रति अच्छाई का भाव रखते हैं, तो वही सकारात्मकता अनंत गुना होकर हमारे जीवन में लौट आती है। जीवन में लौट आती है। यह ब्रह्मांड का वह शाश्वत नियम है, जहाँ हमारा दिया हुआ हर निस्वार्थ सहयोग अंततः हमारी अपनी शांति और समृद्धि का आधार बनता है। इसीलिए, फल की चिंता किए बिना बोया गया अच्छाई का बीज ही भविष्य में सुखद छाँव देता है।
कर्म, शांति और निष्काम: भावहर कर्म को खुश होकर कीजिए, बाकी चिंता छोड़ दीजिए। समय के साथ सब कुछ घटित होता है, इसलिए जो अब तक नहीं हुआ, उसके लिए परेशान होना बंद कीजिए। मनुष्य का यह स्वाभाविक गुण है कि वह किसी भी कर्म के बाद तुरंत फल की चाह करता है, लेकिन कर्म का फल निश्चित ही मिलता है।
आप बिना किसी संदेह के हर उस कर्म को पूरी निष्ठा से कीजिए जो आपकी जिम्मेदारी है। कर्म करते हुए स्वयं को शांत रखिए, क्योंकि जो आपने बोया है, उसका परिणाम जरूर आएगा। बस अपनी आस्था और विश्वास बनाए रखिए। व्याकुल होकर कार्य मत कीजिए; जो आपके लिए निर्धारित है, वह आपको मिलकर रहेगा, बस सही समय का इंतजार कीजिए।
कार्य की शुद्धता और आत्म-चिंतन:
जिस भी कार्य की शुरुआत करें, एक बार ‘आत्म-चिंतन’ अवश्य कीजिए। जो मार्ग सही प्रतीत हो, उसे अपनाने में कभी देर मत कीजिए। अपने मन को विचलित, निराश और भटकने से बचाइए। उद्देश्यविहीन जीवन अक्सर हमें दुखी अवस्था में ले जाता है, इसलिए ‘चिंता’ छोड़कर ‘चिंतनशील’ बनिए। चिंता मनुष्य के जीवन को रोग, शोक और भय से भर देती है, जबकि चिंतन समाधान का मार्ग प्रशस्त करता है।
मन का नियंत्रण और सात्विकता:
मन को सही दिशा में लगाने का अभ्यास निरंतर करते रहिए। गलत लोगों और गलत जगह पर मन का लग जाना कभी-कभी बेहद घातक सिद्ध होता है। मन पूर्ण नहीं, हमेशा अपूर्ण होता है; इसका हर पल परिस्थिति के अनुसार बदल जाना और विभिन्न भावनाओं में बहना यह साबित करता है कि हमें इसे शांत रखने का सतत प्रयास करना चाहिए। सतत साधना और सात्विक भाव से ही हम अव्यवस्थित मन-मस्तिष्क को उचित दिशा देकर अपने बहकते कदमों को रोक सकते हैं।
जिस बात को हम हृदय में अधिक महसूस करते हैं और जिसे महत्व देते हैं, वैसी ही हमारी जीवनशैली बनती जाती है। इसलिए, मन को अच्छे कार्य, व्यवहार और विचारों के लिए मना लीजिए। जब हम अपने मन को यह समझाने में सफल होते हैं कि सही क्या है और गलत क्या, तब हम बेवजह की मानसिक तकलीफों से बच जाते हैं।
नैतिकता और आत्म-ग्लानि से बचाव:
मानसिक शांति का सबसे बड़ा सूत्र यही है कि फल की चिंता छोड़ दी जाए। बिना फल की इच्छा के कर्म करने से दुखों से मुक्ति मिलती है। आपके हिस्से में जो भी जिम्मेदारी है, उसे ईमानदारी से निभाते रहें।
जब हम अपने स्वार्थ के लिए किसी को तकलीफ देकर आगे बढ़ते हैं या अपने सही कर्मों से भागते हैं, तब जीवन का हर पल अंधकारमय हो जाता है। अपनी आत्मा के विरुद्ध जाकर सिर्फ अपनी सुख-सुविधा के लिए दूसरों की भावनाओं को नजरअंदाज करना अंततः आत्म-धिक्कार का कारण बनता है। उस वक्त आत्म-ग्लानि जीवन को बहुत कठिन बना देती है।
लक्ष्य के प्रति प्रेम:
अपने लक्ष्य, अपने सपनों और अपने कर्म से प्रेम कीजिए। दुनिया की बातों में उलझने, दूसरों से रूठने या बेवजह की बातें सोचकर समय गंवाने के बजाय अपनी ‘धून’ में रहना सीखिए। जब आप निस्वार्थ भाव और प्रसन्नता के साथ कर्म करेंगे, तो सफलता और शांति दोनों आपके कदम चूमेंगी।
कर्म किये जा ओ राही, मन में रख विश्वास प्रबल,
स्वेद की हर एक बूँद से, सींच धरा का कोना-कोना।
बाधाओं के पर्वत हों या तूफानों का शोर नया,
साहस की मशाल जलाकर, कर दे हर इक भोर नया।
मनुष्य नश्वर है, किंतु उसके द्वारा किए गए परोपकार कालजयी होते हैं। देह त्याग के पश्चात भी मानव अपनी अच्छाई के रूप में संसार की स्मृतियों में सर्वदा जीवित रहता है…हमारी असली पूँजी वह नहीं जो हमने संचित की है, बल्कि वह है जो हमने दूसरों के जीवन में खुशियों के रूप में बाँटी है।
___________________________________________







