सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय)
ऊखीमठ: पंच केदारों में तृतीय केदार के नाम से विश्व विख्यात व चन्द्र शिला की तलहटी में बसे भगवान तुंगनाथ के कपाट विधि – विधान व वेद ऋचाओं के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिये गये हैं।कपाट खुलने के पावन अवसर पर विभिन्न राज्यों के 691 श्रद्धालु कपाट खुलने के साक्षी बने तथा शाम तक तुंगनाथ धाम में भक्तों की आवाजाही जारी रही।
कपाटोघाटन अवसर पर तुंगनाथ सहित सभी सहायक मन्दिरों को लगभग 8 कुन्तल फूलों से सुसज्जित किया गया तथा चोपता व भुजगली में विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। तुंगनाथ धाम के कपाट खुलते ही सैकड़ो शिव भक्तो ने भगवान तुंगनाथ के स्वयंभू लिंग की पूजा – अर्चना व जलाभिषेक के विश्व समृद्धि की कामना की। तुंगनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद तुंगनाथ धाम सहित सभी यात्रा पड़ावों पर रौनक लौटने लगी है। बुधवार को भूतनाथ मन्दिर चोपता में ब्रह्म बेला पर विद्धान आचार्यों ने पंचाग पूजन के तहत अनेक पूजाये समपन्न कर भगवान तुंगनाथ सहित तैतीस कोटी देवी – देवताओं का आवाहन किया। ठीक 8 बजे भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली का भव्य श्रृंगार कर आरती उतारी तथा भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली भूतनाथ मन्दिर चोपता से कैलाश के लिए रवाना हुई! भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश रवाना होने पर भक्तों ने पुष्प, अक्षत्रों से अगुवाई की तथा लाल – पीले वस्त्र अर्पित कर मनौती मांगी। भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने सुरम्य मखमली बुग्यालों में नृत्य कर 11 बजे डोली अपने धाम पहुंची तथा मुख्य मन्दिर की तीन परिक्रमा कर सहायक मन्दिरों मे शीश नवाया तथा भगवान तुंगनाथ के कपाट वेद ऋचाओं व मंत्रोच्चारण के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिये गये। कपाट खुलने के बाद विद्धान आचार्यों ने अनेक पूजाएं समपन्न की तथा 692 से अधिक भक्तों ने भगवान तुंगनाथ के स्वयभू लिंग पर जलाभिषेक कर विश्व शान्ति व समृद्धि की कामना की। कपाट खुलने के पावन अवसर पर देहरादून निवासी सुरेन्द्र असवाल, अगस्तमुनि निवासी धीर सिंह नेगी के सहयोग से भगवान तुंगनाथ सहित सहायक मन्दिरों को 8 कुन्तल फूलों से सजाया गया तथा लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ व सामाजिक कार्यकर्ता नारायण दत्त जुयाल के नेतृत्व में भुजगली में तथा पालम दिल्ली निवासी पंकज जिन्दल द्वारा चोपता में विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया।


भगवान तुंगनाथ के कपाट खुलते ही तुंगनाथ यात्रा पड़ावों पर रौनक लौटने लगी है। इस मौके पर पूर्व विधायक मनोज रावत, राज्य महिला आयोग सदस्य दर्शनी पंवार जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्वाण, पूर्व सदस्य मीना पुण्डर, कथावाचक लम्बोदर प्रसाद मैठाणी, प्रबंधक प्रकाश पुरोहित, मठापति मुकेश मैठाणी, राम प्रसाद मैठाणी, शंकर सिंह नेगी, पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह नेगी, भगवती प्रसाद सेमवाल, जय कृष्ण मैठाणी, रवीन्द्र नेगी, सचिन नेगी, संजीव राणा, कुलदीप रावत, दौलत पंवार, मोहन मैठाणी, जीतपाल भण्डारी, आनन्द नेगी, चन्द्र मोहन बजवाल सहित देश – विदेश के सैकड़ों श्रद्धालु, हक – हकूकधारी व पंच पुरोहित मौजूद थे।







