संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
“निष्पक्षता और पारदर्शिता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” — डीएम-एसपी।
कन्नौजः जनपद कन्नौज में 25 से 27 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली यूपी होमगार्ड्स परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश एवं निकास प्रबंधन, अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग तथा कक्षों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ सम्पन्न कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
प्रशासन की इस सख्ती और सजगता से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा में समान अवसर और सुरक्षित वातावरण प्राप्त हो सके।







