सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अधयाय)
सेवा आरोग्यम शिविरों में 150 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण।
बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक।
ऊखीमठ: मद्महेश्वर घाटी क्षेत्र के मनसूना व तुंगनाथ घाटी के मक्कूमठ एवं परकण्डी गांवों में सेवा इंटरनेशनल के तत्वावधान में आयोजित सेवा आरोग्यम स्वास्थ्य शिविरों में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविरों में कुल 150 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां वितरित की गईं। स्वास्थ्य शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न बीमारियों की जांच करते हुए ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। चिकित्सकों ने बताया कि नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। शिविर में विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस दौरान जीआईसी राऊंलैक एवं मनसूना में बालिकाओं के लिए साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, सोशल मीडिया के जोखिमों एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने छात्राओं को बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें। कार्यक्रम ब्लॉक लीडर जीतेन्द्र कुमार पुरोहित ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और डिजिटल जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने स्थानीय जनता से अपील की कि वे ऐसे कार्यक्रमों का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहें। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए सेवा इंटरनेशनल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी लाभ मिल रहा है और समाज में जागरूकता का स्तर भी बढ़ रहा है। इस मौके पर डा० दिव्या, राहुल रावत, रिंकी पंवार, सुरेन्द्र बिष्ट, यशवन्त नेगी, पूनम आदि मौजूद रहे।







