मीडिया प्रभारीः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय)
जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित, विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई समीक्षा।
अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरणीय प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सिंचाई विभाग एवं यूकॉस्ट विज्ञान केंद्र अल्मोड़ा द्वारा कोसी और रामगंगा नदियों के फ्लड प्लेन जोन पर तैयार की गई रिपोर्ट्स की समीक्षा की गई। साथ ही बख सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के उन्नयन कार्यों पर चर्चा करते हुए जल संस्थान द्वारा प्रगति से अवगत कराया गया।
पांडे खोला स्थित एसटीपी कार्यों की स्थिति पर भी पेयजल निगम द्वारा अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों STP के संचालन संबंधी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जाए।
नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु अल्मोड़ा शहर की ड्रेनेज प्रणाली की समीक्षा की गई तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत लीगेसी वेस्ट के निस्तारण की प्रगति पर चर्चा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
स्वजल विभाग द्वारा सोक पिट निर्माण की प्रगति पर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
बैठक में सोमेश्वर क्षेत्र स्थित कोसी एवं साई नदी के समीप त्रिवेणी घाट परिसर के संचालन को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने इस परिसर की समुचित साफ सफाई के लिए अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को जरूरी दिशा निर्देश दिए। साथ ही वर्तमान व्यवस्थाओं में सुधार लाते हुए उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, परियोजना अधिकारी गंगा सुरक्षा समिति रंजीता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






