संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
भाजपा नेताओं के खिलाफ सपाइयों का प्रदर्शन, शांति व्यवस्था बिगाड़ने का लगाया आरोप।
कन्नौज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला जलाए जाने की घटना को लेकर जिले की सियासत गरमा गई है। आक्रोशित समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष कलीम खान के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि नारी वंदन अधिनियम को लेकर विरोध जताते हुए भाजपा की छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडे, जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया तथा तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत द्वारा अखिलेश यादव का पुतला जलाया गया था। इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।
कलेक्ट्रेट पहुंचे सपाइयों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेता जानबूझकर जिले का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। सपा जिलाध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि यह कृत्य राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है और इससे जनपद की शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि नारी वंदन अधिनियम संसद के दोनों सदनों से पारित हो चुका है, लेकिन भाजपा इसे लागू करने में देरी कर रही है। अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए उकसावे की राजनीति की जा रही है।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व विधायक कल्याण सिंह, अरविंद यादव दोहरे, अंशु पाल, शशिमा सिंह दोहरे, हसीब हसन, अनिल पाल, यश दोहरे, नेम सिंह, कुसुम यादव, विवेक पाल, संगीता पांडे, सत्येंद्र पाल, राजू यादव, पूजा वर्मा, अनुराधा यादव, गुफरान, आकाश शाक्य, मसूद अहमद, भुट्टो, अन्नपूर्णा राजपूत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






