संवाददाता आगर-मालवाः गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत बड़ौद में विशाल रैली, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।
आगर-मालवा: जिले के बड़ौद नगर में सोमवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत नागरिकों द्वारा एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत गांधी चौक स्थित श्रीकृष्ण मंदिर से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक संगठन एवं गौ-भक्त शामिल हुए।
रैली में शामिल लोगों ने “गौ माता का सम्मान, देश का अभिमान” जैसे नारों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों—सदर बाजार, हाटपुरा बाजार, बस स्टैंड, सुभाष मार्ग एवं डग रोड से होते हुए जागरूकता संदेश प्रसारित किया। रैली का मुख्य उद्देश्य गौ माता के संरक्षण, संवर्धन और उनके प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना रहा।
रैली के समापन पर सभी प्रतिभागी तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन नायब तहसीलदार चन्द्रशेखर परमार को सौंपा गया। ज्ञापन में देशभर में गो-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता को “राष्ट्र माता” का दर्जा देने, गौ सेवा हेतु केंद्रीय कानून लागू करने तथा गौशालाओं की स्थिति सुधारने की मांग की गई। साथ ही, आवारा गौवंश की समस्या के स्थायी समाधान और गौ संरक्षण के लिए कड़े कानून बनाने की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का अभिन्न हिस्सा हैं, इसलिए उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अभियान में शामिल लोगों ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया। इसके अलावा, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।
रैली के दौरान थाना प्रभारी रूपसिंह बैस सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा और पूरे आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।







