संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
नई ऊर्जा, नया संकल्प: कन्नौज में दीक्षांत परेड ने जगाया गर्व का भाव।
कन्नौज : की रिजर्व पुलिस लाइन उस समय गौरव और उत्साह से भर उठी, जब ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। अनुशासन, समर्पण और देशसेवा के संकल्प से ओतप्रोत यह समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि उन युवाओं के सपनों की पहली उड़ान थी, जिन्होंने कठिन प्रशिक्षण के बाद पुलिस सेवा में कदम रखा।
सुबह की स्वर्णिम बेला में जब परेड मैदान पर सजे कदमों की ताल गूंजी, तो हर आंख में गर्व और हर चेहरे पर प्रसन्नता दिखाई दी। वर्दी में सजे नवप्रशिक्षित आरक्षियों ने शानदार मार्चपास्ट कर अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिचय दिया। उनकी दृढ़ चाल और आत्मविश्वास ने यह संदेश दिया कि आने वाला समय सुरक्षित हाथों में है।
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक राजीव मल्होत्रा तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी लेते हुए जवानों की तैयारी और अनुशासन की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति कठोर बनने का आह्वान किया। यह संदेश नव आरक्षियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण वह रहा, जब सभी रिक्रूट आरक्षियों ने देश सेवा, संविधान की रक्षा और जनसुरक्षा की शपथ ली। उस पल मैदान में मौजूद हर व्यक्ति के मन में सम्मान और विश्वास की भावना जाग उठी।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया, जिससे अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि कठिन परिश्रम और समर्पण का प्रतीक था।
कन्नौज की धरती पर आयोजित यह दीक्षांत परेड समारोह नई पीढ़ी के उन प्रहरीयों का स्वागत था, जो समाज में सुरक्षा, न्याय और विश्वास की नई मिसाल कायम करेंगे। यह आयोजन आने वाले समय में जनपद के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।







