संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
बरौली सचिवालय में किसानों की लगी चौपाल, चकबंदी मामलों पर हुई खुली सुनवाई।
कन्नौज: ग्रामीण क्षेत्रों में चकबंदी से जुड़े विवादों और किसानों की परेशानियों को गांव स्तर पर ही सुलझाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बरौली के सचिवालय सभागार में विशेष सुनवाई आयोजित की गई। चकबंदी अधिकारी अनंत सिंह ने किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
सुनवाई के दौरान किसानों ने चकों के कम रकबे, सीमांकन, आपत्तियों और पुराने वादों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। चकबंदी अधिकारी ने एक-एक प्रकरण पर किसानों से सीधे संवाद करते हुए समाधान की प्रक्रिया समझाई। कई मामलों का मौके पर निस्तारण भी किया गया, जिससे किसानों में संतोष दिखाई दिया।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा है कि किसानों को तहसील और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए गांव स्तर पर ही सुनवाई कर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामबाबू दोहरे, चकबंदी कर्ता राजेश कुमार, चकबंदी लेखपाल सत्येंद्र कुमार यादव, सुमित कुमार, पेशकार मोहित शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।








