संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
रैली में शामिल होने से पहले दूसरी बार नजरबंद हुए प्रधान संघ जिलाध्यक्ष।
कन्नौजः लखनऊ में प्रस्तावित रैली में शामिल होने से पहले अखिल भारतीय प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत यादव को दूसरी बार नजरबंद किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान डॉ. चंद्र कांत यादव ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
डॉ. चंद्रकांत यादव ने कहा कि ग्राम प्रधान अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना चाहते हैं, लेकिन प्रशासन उन्हें रोकने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है तथा सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए रैली में शामिल होना लोकतांत्रिक अधिकार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ग्राम प्रधानों की उपेक्षा कर रही है और पंचायतों से जुड़े मुद्दों पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जा रहा। डॉ. यादव ने कहा कि यदि प्रधानों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो संगठन आगे भी आंदोलन जारी रखेगा।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना रहा तथा प्रधान संघ के पदाधिकारियों और समर्थकों में नाराजगी देखी गई।






