संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
शॉर्ट सर्किट से धधकी किराना दुकान, लाखों का सामान राख
कन्नौज: थाना क्षेत्र विशुनगढ़ कस्बे के चुन्नीगंज चौराहा के पास बुधवार देर रात एक किराना दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों की मदद और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब दो बजे लोगों ने दुकान से तेज धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलती देखीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
दुकान मालिक राहुल गुप्ता ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका। दुकान में रखा राशन, खाद्य सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। उन्होंने बताया कि दुकान ही परिवार की रोजी-रोटी का मुख्य सहारा थी और हादसे से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद सुबह मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।






