संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
आगामी त्यौहार बकरीद को लेकर पुलिस सतर्क, नगर में किया पैदल गश्त।
छिबरामऊ: आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस प्रशासन अलर्ट नजर आया। अपर पुलिस अधीक्षक कन्नौज अजय कुमार ने क्षेत्राधिकारी छिबरामऊ, थाना छिबरामऊ पुलिस बल एवं पीएसी जवानों के साथ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य बाजारों, धार्मिक स्थलों, संवेदनशील इलाकों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों एवं धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित कर लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने आमजन से त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।
पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इसके अलावा ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






