संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
छिबरामऊ में गंदे पानी की समस्या पर सभासद ने सौंपा ज्ञापन, नए नलकूप की मांग।
छिबरामऊ: नगर पालिका परिषद छिबरामऊ के वार्ड नंबर 17 सहित नगर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से गंदे पानी की आपूर्ति और कम जलापूर्ति की समस्या को लेकर सभासद सुशील पाण्डेय के नेतृत्व में अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से नगरवासियों की गंभीर समस्या का जल्द समाधान कराए जाने की मांग उठाई गई।
सभासद सुशील पाण्डेय ने बताया कि वार्ड नंबर 17 समेत कई मोहल्लों में पिछले कई महीनों से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। गंदे पानी के कारण लोगों को पीने योग्य पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा पानी की आपूर्ति भी बेहद कम मात्रा में हो रही है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि समस्या की मुख्य वजह नलकूप संख्या 12 है। आरोप लगाया गया कि उक्त नलकूप की बोरिंग से लगातार गंदा पानी निकल रहा है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। क्षेत्रवासियों ने कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में स्वच्छ पानी न मिल पाने से हालात और गंभीर हो गए हैं।
सभासद ने अधिशाषी अधिकारी से मांग की कि नगरवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नए नलकूप की स्थापना कराई जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान अनुराग, सुनील दीक्षित, इंद्र मोहन सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






