डॉ0 हरि नाथ मिश्र
पूर्व विभागाध्यक्ष-अँगरेजी,
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
मुक्तक (आम)
पीले-पीले आम लख, मन में भरे उछाह।
आम्र-मधुर रस-पान की, सबको रहती चाह।।
अमराई इस लोक की, समझो नंदन-बाग।
देव-लोक के देव की, इसपे रहे निगाह ।।
आते ही मधुमास के, ऋतु वसंत-सौगात।
निरख मधुर फल आम की, करें सभी मधु बात।।
जीव-जंतु,मानव सहित, सबका प्रिय है आम।
इसे देख कर शीघ्र ही, मन सबका ललचात।।
खा कर मीठे आम को, कहें सभी जन वाह।
चूस-चूस गुठली दिखे, देव-लोक की राह।।
चौसा-लँगड़ा-फाजली, सिंदूरी ये आम।
मधुर दशहरी डाल के, खा बढ़ता उत्साह।।
धरती पर यह ईश का, है अनुपम उपहार।
मधु रसाल महि-अमिय इव, पीएँ बारम्बार।।
यही फलों का भूप है, सबपे इसका राज।
इसको पाते ही मिले, मन को हर्ष अपार।।






