सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री एवं शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम (रायपुर, छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“बिना रुके, सीखते चलना है; गति में ही शृंगार है!”
— सुश्री सरोज कंसारी
===============================
जीवन एक बहती धारा है,
जिसे निरंतर चलना है,
हालातों के हर साँचे में,
इसको हर पल ढलना है।
ये जीवन एक बहती धारा है, जिसे निरंतर चलना है… ठहराव मृत्यु है और चलना ही अस्तित्व है। समय की भाँति जीवन भी कभी अतीत में नहीं रुकता; यह हर क्षण हमें यह सिखाता है कि सुख और दुख दोनों ही अस्थायी हैं, इसलिए किसी भी परिस्थिति से चिपके रहने के बजाय आगे बढ़ते रहना ही जीवन है। बाहरी परिस्थितियाँ चाहे जैसी भी हों, लेकिन हमारा मन हमेशा हमारे नियंत्रण में होना चाहिए। हमें जल की भाँति बनके रहना होगा — जो हर चुनौती के सामने बिना टूटे, स्वयं को परिस्थिति के अनुसार ढाल लेता है और हर हाल में शांत रहकर जीना सीख जाता है।
हँसते-गाते चलते जाना ही जीवन है… जीवन नदी के प्रवाह की तरह निरंतर गतिशील है, जिसमें सुख-दुख और सफलता-असफलता का आना स्वाभाविक है। वास्तविक जीवन वही है जो हर क्षण को सहेजते हुए, सकारात्मकता के साथ मुस्कुराकर आगे बढ़ता रहे। जैसे एक किसान फसल खराब होने पर भी निराश नहीं होता और अगले मौसम में फिर से खेत जोतता है, वैसे ही हमें भी जीवन की कठिनाइयों से थककर रुकना नहीं चाहिए। जब हमारे होंठों पर गीत और दिल में उमंग होती है, तो रास्ते की हर थकान कम हो जाती है। रुक जाना ठहराव है, जबकि हँसते-गाते बिना रुके अपनी मंजिल की ओर बढ़ते जाना ही जीवन का असली आनंद और सच्चाई है।
यह सकारात्मक दृष्टिकोण हमें न केवल मानसिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि हमारे आस-पास के वातावरण को भी ऊर्जावान रखता है। जब हम विपरीत परिस्थितियों में भी मुस्कुराना सीख जाते हैं, तो बड़ी से बड़ी चुनौतियाँ भी छोटी लगने लगती हैं। इतिहास गवाह है कि उन्हीं लोगों ने अपनी मंजिलों को पाया है, जिन्होंने असफलताओं को अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत माना। इसलिए, जीवन की इस यात्रा में आने वाले हर मोड़ का स्वागत खुले दिल से करें, क्योंकि हर नया दिन अपने साथ संभावनाओं का एक नया सवेरा लेकर आता है।
संसार की हर घटना निरपेक्ष है; यह हमारा दृष्टिकोण ही है जो उसे सुखद या दुखद का रंग देता है। जिसे एक मन अंधकार समझकर विलाप करता है, वही स्थिति दूसरे प्रज्ञावान मन के लिए एक नई सुबह का संदेश बन जाती है। वास्तव में, परमानंद का द्वार और उसे अवरुद्ध करने वाली दीवार—दोनों हमारे अपने ही मानस की उपज हैं। जब तक हम बाहरी दुनिया में शांति खोजेंगे, तब तक अशांत रहेंगे। इस परम आनंद को पाने का एकमात्र मार्ग अपने भीतर सकारात्मक चेतना और करुणा का दीप जलाना है। जब हृदय में करुणा का वास होता है, तब सहनशीलता, धैर्य, संतोष, संयम और उदारता जैसे शाश्वत गुण स्वयं ही हमारे जीवन का संगीत बन जाते हैं।
जीवन को बोझ समझने के बजाय इसे एक उत्सव की तरह जीना चाहिए। हमारी खुशियाँ बाहरी परिस्थितियों पर नहीं, बल्कि हमारे आंतरिक विचारों पर निर्भर करती हैं। यदि हम हर परिस्थिति में धैर्य रखना और मुस्कुराना सीख लें, तो जीवन का हर सफर आसान और आनंदमय हो जाता है। आइए, हम सब यह संकल्प लें कि चाहे राह में कितनी भी मुश्किलें आएं, हम अपनी मुस्कान नहीं खोएंगे और हँसते-गाते अपनी मंजिल की ओर कदम बढ़ाते रहेंगे, क्योंकि चलते रहने का नाम ही जिंदगी है। लगातार सीखते हुए आगे बढ़ते रहना। बस, हमारा ध्यान समाधान पर होना चाहिए।
इंसान कुछ नया सीखने से कतराता है। अगर हम आज भी वही कर रहे हैं जो कल कर रहे थे, तो हम जी नहीं रहे हैं, सिर्फ समय काट रहे हैं। इसलिए, हर दिन कुछ नया सीखें और खुद को कल से बेहतर करें।
———————————————–
।। जय जय भारत ।।






