सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री व शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“दया के बिना इंसानों की बस्ती, भेड़ियों का जंगल बन जाती है”
सुश्री सरोज कंसारी
आज के समय की पुकार! मानवीय संवेदना और सद्भाव का। मनुष्य सामाजिक प्राणी है, लेकिन जो बात हमें अन्य जानवरों से अलग और श्रेष्ठ बनाती है, वह है हमारी चेतना, विवेक, दया व संवेदना।।
==================================
भीड़ बनकर वार करते,
भूल बैठे वो धरम है,
नोचते कमजोर को जो,
वो भेड़िए बेशरम हैं।
मनुष्य के भीतर दूसरों के सुख-दुख को महसूस करने की क्षमता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। हृदय अब पत्थर हो चुके हैं। आज समाज में दया, प्रेम और करुणा का स्थान हिंसा, ईर्ष्या और स्वार्थ ने ले लिया है।
पुनरुत्थान आज के इस अत्यंत भयावह, अशांत और संवेदनहीन समय में मानवीय संवेदनाओं को जीवित रखना और आपसी सद्भावना को पुनर्जीवित करना केवल एक विचार नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। चारों ओर फैले आतंक, अविश्वास और कड़वाहट के बीच सकारात्मकता का दीप जलाए रखना अब अनिवार्य है। हमारा उद्देश्य केवल समाज में फैली कुरीतियों, संकीर्णता और अमानवीयता पर चोट करना ही नहीं है। इससे भी बड़ा संकल्प यह है कि हम हर हृदय में करुणा का संचार करें।
“पशुविहीन युग में सद्भाव” की मूल भावना को समेटे हुए, हमें हर जीव के प्रति दया, निश्छल प्रेम और सह-अस्तित्व के भाव को जगाना होगा। जब इंसानियत का ईमान डगमगा रहा हो, तब खुद को इस नफरत की तपन से बचाकर दूसरों के लिए शीतलता बनना ही हमारा असली फर्ज है। आइए, इस विषम काल में नए संकल्प के साथ जन-जन में सद्भावना की अलख जगाएं और इंसानियत के इस पवित्र कर्तव्य को मिलकर निभाएं।
आज हम एक अत्यंत भयावह दौर से गुजर रहे हैं, जहाँ समाज में इंसानों के भेष में ‘भेड़ियों के झुंड’ दिखाई देने लगे हैं। लोगों के भीतर से सहनशक्ति पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। एक-दूसरे के प्रति सहानुभूति, आदर और मानवीय संवेदनाएँ अब दम तोड़ रही हैं। इस पावन धरा पर हर दिन मक्कार, कपटी और भेड़िये के समान हिंसक प्रवृत्ति वाले इंसानों द्वारा पाप, आतंक और अत्याचार का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे संकट काल में केवल चिंता करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गहन चिंतन और ठोस कदम उठाना आवश्यक हो गया है।
प्रश्न यह उठता है कि इन असामाजिक तत्वों का सुधार कैसे हो? इसके समाधान के लिए हमें निम्नलिखित बिंदुओं पर विचार करना होगा… केवल साक्षरता काफी नहीं है। बचपन से ही बच्चों के मन में नैतिक मूल्य, दया और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना का बीजारोपण करना होगा…समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, विचारकों और शिक्षकों को आगे आकर एक ऐसा वातावरण तैयार करना होगा, जहाँ सही को सही और गलत को खुलकर गलत कहा जा सके।
कानून के डर के साथ-साथ आत्म-मंथन की प्रक्रिया को बढ़ावा देना होगा, ताकि इंसान अपनी खोई हुई इंसानियत को पहचान सके। जब तक हम सब मिलकर ‘कड़वाहट को दूर कर जन-जन में सद्भावना जगाने’ का संकल्प नहीं लेंगे, तब तक इस तपन को शांत नहीं किया जा सकता। आइए, खुद को इस भेड़चाल और हिंसकता से बचाते हुए, हर जीव के प्रति करुणा रखें और इंसानियत का फर्ज निभाते चलें।
आज, अभी, इसी क्षण हम संकल्प लें कि नफरत की आग में ईंधन नहीं बनेंगे। हम शीतलता बनेंगे। क्योंकि जब हर एक इंसान अपने भीतर का भेड़िया मारकर इंसान जगा लेगा, तब यह धरती फिर से बस्ती कहलाएगी, जंगल नहीं। जब मनुष्य अपने भीतर छिपी हिंसक और स्वार्थी प्रवृत्तियों का अंत कर अपने हृदय में सच्ची करुणा और दया का संचार करेगा, तभी यह क्रूर समाज पुनः एक संवेदनशील मानवीय सभ्यता में परिवर्तित हो सकेगा।
———————————————————
|| जय जय भारत ||







