संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सर्विलांस टीम की बड़ी सफलता, 121 खोए मोबाइल बरामद कर स्वामियों को सौंपे।
कन्नौज: जनपद पुलिस की सर्विलांस टीम ने तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए खोए हुए 121 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में जनपदीय सर्विलांस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार विभिन्न स्थानों पर खोए अथवा गुम हुए मोबाइल फोनों को भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की सहायता से ट्रेस कर बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे गए।
मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन दोबारा मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और तकनीकी प्रयासों के चलते उनका मोबाइल वापस मिल पाया है। कई लोगों ने कन्नौज पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए इसे जनहित में सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने लोगों को मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि सबसे पहले यूपी कॉप ऐप अथवा संबंधित थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके बाद शिकायत पत्र, पहचान पत्र और मोबाइल खरीद संबंधी दस्तावेजों के साथ सीईआईआर पोर्टल पर आवेदन कर मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है। इससे मोबाइल के दुरुपयोग को रोका जा सकता है तथा उसके बरामद होने की संभावना भी बढ़ जाती है।
मोबाइल बरामदगी अभियान में सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक त्रदीप सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अजय सिंह तथा कांस्टेबल शिवराज यादव, शुभम कुमार, दीपक गुर्जर, शुभम बालियान और अभिषेक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखे जाएंगे, जिससे आमजन की खोई हुई संपत्ति उन्हें वापस दिलाई जा सके।







