सुनील कुमार वर्मा
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
और भी आएंगे:
बागों में बहुत सारे पेड़ पौधे होते हैं। बात उन दिनों की है जब किसी बाग के किसी एक पौधे पर एक ही फूल खिला रहता था। वह फूल जब तक खिला रहता था तब तक किसी अन्य पौधो या पेड़ों पर कोई और फूल नहीं खिल सकते थे। सारे पेड़ पौधे दुखी मन से मुरझाए से अपनी बारी आने का इंतजार करते रहते थे कि, कब वह फूल मुरझाकर गिरेगा और कोई एक फूल उन पर भी खिलेगा?
एक फूल जो किसी बाग के किसी एक पौधे पर बहुत वर्षों से खिला हुआ था। वह अन्य सभी पेड़ पौधों की व्यथा और मंशा को समझता था। उसे अन्य पेड़ पौधों के दुख और तकलीफ के बारे में सोच कर अच्छा नहीं लगता था। इसलिए उसने बागों के देवता से प्रार्थना की, बागों के देवता ने उस फूल की प्रार्थना को स्वीकार किया और एक शर्त के साथ वरदान देते हुए कहा।
“ठीक है,बाग में अब एक से अधिक फूल खिल सकेंगे पर फूलों की संख्या तुम्हारी उम्र से ज्यादा नही होगी।”
इतना सुनकर फूल ने बाग के देवता के वरदान की शर्त को सहर्ष स्वीकार कर लिया।
दूसरे दिन सुबह बाग में खुशियों की बहार छा गई। चारों ओर पेड़ पौधों पर फूल ही फूल खिल उठे थे। चारों ओर रंग बिरंगे महकते हुए हजारों फूल मुस्कुरा रहे थे। बाग में हर तरफ जश्न का माहौल था। इस पूरे हंसी खुशी के वातावरण में वह फूल जिसकी प्रार्थना से बाग को यह स्वर्ग जैसा रूप मिल था अपनी डाल से टूटकर जमीन पर पड़ा हुआ मुस्कुरा रहा था।







