प्रभारी संपादक जौनपुर: पंकज सीबी मिश्रा
(नया अध्याय, देहरादून)
प्रकरण का हुआ सौहार्दपूर्ण समाधान, गर्मी की छुट्टीयों के कारण बिगड़ा था मामला।
वाराणसीः पिछले दिनों शहर के धरसौना स्थित एक प्रतिष्ठित निजी विद्यालय में शिक्षक की सिक्योरिटी राशि को लेकर उठे मामले में नया मोड़ आया है। दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत के बाद प्रकरण का सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण समाधान निकल गया है। गौरतलब है कि विगत सप्ताह इस मामले को लेकर एक खबर प्रकाशित हुई थी। समाचार के संज्ञान में आने के बाद संबंधित विद्यालय प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया और शिक्षक को बुलाकर मामले की पूरी जानकारी ली तो पता चला प्रकरण केवल उहापोह और ग्रीष्मकालीन छुट्टी के कारण विद्यालय बंद होने से मुद्दा बना, जबकि स्कूल की वित्तीय टीम इस मुद्दे पर अवकाश के पश्चात विद्यालय कार्य दिवस में शिक्षक से सम्पर्क करती । विद्यालय प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शिक्षक और प्रबंधन के बीच हुई बैठक में सभी बिंदुओं पर सहमति बन गई है। इसके तहत शिक्षक की जमा की गई पूरी सिक्योरिटी राशि नियमानुसार वापस कर दी गई है। शिक्षक ने भी राशि प्राप्त होने की पुष्टि की है। इस घटनाक्रम से स्पष्ट है कि संवाद और आपसी समझ से किसी भी विवाद का हल निकाला जा सकता है। शिक्षण संस्थानों में शिक्षक और प्रबंधन के बीच विश्वास का रिश्ता सबसे महत्वपूर्ण होता है, और इस मामले के समाधान ने उस विश्वास को और मजबूत किया है। मीडिया का दायित्व है कि वह जनता तक सही और अद्यतन सूचना पहुंचाए। चूंकि इस प्रकरण का पटाक्षेप सौहार्दपूर्ण तरीके से हो चुका है, अतः पाठकों को सूचित किया जाता है कि पूर्व में प्रकाशित खबर में उल्लेखित स्थिति अब वर्तमान परिदृश्य में लागू नहीं होती है। हम शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र से जुड़े सभी संस्थानों के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही, हम शिक्षकों के हितों की रक्षा को भी अपनी जिम्मेदारी मानते हैं।







