संवाददाता आगर-मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जिला स्तरीय बैंक एवं सलाहकार समिति की बैठक आयोजित
विकास योजनाओं की प्रगति एवं बैंकिंग गतिविधियों की समीक्षा, पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के दिए निर्देश।
आगर-मालवा : कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स एवं सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुसनेर विधायक श्री भैरोसिंह बापू सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 की मार्च 2026 तिमाही तक की बैंकिंग गतिविधियों एवं विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने जिले की वार्षिक ऋण योजना की उपलब्धियों, जमा-ऋण अनुपात, शिक्षा ऋण एवं कौशल ऋण योजनाओं, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र को प्रदत्त ऋण, विभिन्न प्रायोजित योजनाओं की प्रगति, ऋण वसूली की स्थिति तथा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सुसनेर श्री भैरोसिंह बापू ने बैंक अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध एवं सुगमता से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बैंक शाखाओं में किसानों एवं आम नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त नकदी उपलब्ध रहे तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि ऋण वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष ध्यान दें।
बैठक में ऋण वसूली की स्थिति में सुधार लाने पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही जिले में बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुगम एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक श्री अजय शंकर सिंह ने संस्थान द्वारा गत वित्तीय वर्ष में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं उनकी उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी, भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि श्री धनंजय कस्तूरे, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री एन.के. सोनी, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री श्रीकांत सक्सेना, जिले के समस्त बैंक शाखा प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







