संस्मरण। -पिता होना

Spread the love

 

लेखिका 

सुधा गोयल

कृष्णानगर, डा. दत्ता लेन, बुलंदशहर 

 

 

                 (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)

 

 

 

  संस्मरण। -पिता होना

 

 

 

आज फादर्स डे यानि पिता दिवस पर मेरे मन में कुछ दबा छिपा सामने आना चाहता है।

हां तो मैं जहां से बात शुरू कर रही हूं वह यह है कि मैंने या मेरे किसी भाई बहन ने आपको पिताजी, भाईजी, बाबूजी, पापाजी या डैडी नहीं कहा। पापाजी या डैडी तब चलन में नहीं था। यह इक्कीसवीं सदी की पढ़ी लिखी पीढ़ी की देन है। पिताजी भी नहीं कहा। कोई जरूरत ही महसूस नहीं हुई। पता नहीं क्यों? या तो मां ने नहीं सिखाया, संयुक्त परिवार में मेरे ताऊजी के बच्चे आपको चाचाजी बुलाते थे। उनकी देखा देखी हम भी चाचाजी पुकारने लगे। चाचाजी आज मैं अपने जीवन की पिचहतर साल की स्मृतियां आपसे शेयर कर रही हूं। आप जहां भी हों पढ़ लेना।

छोटी थी, याद नहीं कि कभी आपने प्यार से सिर पर हाथ रखा हो या कभी आपकी गोद में चढ़ी हूं। कोई बात नहीं, शायद उस समय पिता बच्चों को गोद में नहीं लिया करते थे। ऐसी जरुरत महसूस नहीं हुई। पर अब पिताओं द्वारा अपने बच्चे का जितना ध्यान रखा जाता है, दुलराया जाता है -देखकर छन्न से कुछ टूट सा जाता है। पैदा होकर दुनिया में आ गए, आ गये तो जैसे तैसे पलना और बढ़ना था ही।यह कुदरत का नियम है।

हां कभी कभी आप सब बच्चों को गंगा स्नान के लिए ले जाते। आप चलते थे और हमें आपका साथ देने के लिए दौड़ना पड़ता था। घाट पंहुच कर आप थोड़ी देर के लिए तख्त पर बैठकर घाट वाले से बातें करते। आपके जान पहचान वाले भी आ जाते।हम भी वहां रेत के घरोंदे बनाने लगते। जब खेलकर थक जाते तो जल में उतर जाते। उस समय जल हमारे घुटनों से थोड़ा ऊपर कमर तक आता था। हम अपनी फ्राक में छोटी छोटी मछलियां भर लेते थे। गिनते और फिर जल में छोड़ देते।

यह खेल भी कुछ देर चलता। आप दूर से भी हम सब पर नजर रखते। दस मिनिट बाद ही आपका आदेश होता जल से बाहर निकलो। हम आज्ञाकारी बच्चे की तरह निकल आते। अपने कपड़े बदलते और तख्त पर आकर बैठ जाते। तब तक आप भी स्नान कर लेते। अपने साथ हमारे कपड़े भी जल में डुबकी लगाकर निचोड़ कर लें आते। चलते समय हम माथे पर चंदन लगवाते। एक बात और, एक छोटी बाल्टी में गंगाजल लेकर चलते जिसमें जानबूझकर रखी गई मछली उछल-कूद मचाती रहती और उस जल को घर लाकर कुएं में डाल देते। अगले दिन कुएं में झांक कर देखते कि मछली कितनी बड़ी हुई। अक्सर मछली पनिहारिनों की बाल्टी में निकल जाती।

लौटते समय उस रेतीले रास्ते में लगने वाली बाड़ियों से हमें ककड़ी और खीरे दिलवाते। खरबूजे और तरबूज घर आ जाते। बड़े होने पर पता लगा कि पिताजी गंगा की रेती में होने वाली फसल ठेके पर देते थे। गंगा स्नान के बहाने फसल का मुआयना भी कर आते थे।यह उनका लाड़ था, दुलार था जिसका कोई दिखावा नहीं था। आप साथ हैं यही हमारा अभिमान था।

दुकान से लौटने पर शाम को आप सब बच्चों के लिए फल या मिठाई अवश्य लाते। हम सबको आपके लौटने का इंतजार रहता। अपने हाथ से सबको आवाज लगाकर देते और जो बचता मां को थमा देते। यह था आपका प्यार जताना।

शाम को खाना खाने के बाद आप हमसे स्कूल की बातें पूछते। गिनती पहाड़े भी सुनते यानि यह था आपका अनुशासन।अक्सर आप हमें कहानियां भी सुनाते। राम और कृष्ण को सुनने के साथ साथ चंद्रकांता संतति की तिलस्मी कहानियां हम बड़े ध्यान से सुनते और चमत्कृत होते। पिताजी इतनी कहानियां कहां से लाते हैं -सोचकर रह जाते पूंछा कभी नहीं। उनका कहानी सुनाने का अपना अलग ढंग था। वे अपने बचपन के किस्से भी सुनाते। हमें आश्चर्य होता। बीच में हम टोक कर सवाल भी पूंछ लेते। वे बड़ी सहजता से समझा देते यह नहीं पता था का चंद्रकांता संतति एक उपन्यास है। चंद्रकांता संतति सन् 1987 में पुस्तकालय से लेकर पढ़ा।

आपका स्वभाव बड़ा कड़क, आपको हंसते हुए कभी नहीं देखा, हां कभी कभी मुस्करा देते।जब तक आप घर में रहते, सब सहमे सहमे से रहते, जैसे हवा भी ठहर गई हो। जिद्द थी या अनुशासन कि आप यदि दिन को रात कहें तो रात ही माननी पड़ेगी। यानि आपके नजरिए से जिंदगी चलानी पड़ेगी।

मैं नहीं जानती कि मुझमें ऐसा क्या था कि आपकी डांट कभी नहीं खायी। बिना कहे ही आप मन की बात समझ जाते। मुझे पढ़ना है आप मां के विरोध के बावजूद काॅलिज में दाखिला करा आए। म्यूजिक नाइट में घर से कोई नहीं गया आपने स्टूडेंट का टिकट लेकर मुझे दे दिया। आपने ही मुझे भयमुक्त जीवन जीना सिखाया।

अक्सर आप काॅलिज के कार्यक्रमों में या सांयकालीन कक्षाओं में मुझे पढ़ने भेज देते।शहर के बाहर भी अकेली चली जाती, यह आपका मुझ पर विश्वास था। यह वह वक्त था जब लड़कियां अकेली घर से बाहर नहीं निकलतीं थीं। आप उन परम्पराओं से बगावत करना सिखा रहे थे। और मैं कदम कदम आपके सिखाए या दिखाएं रास्ते पर चल रही थी। आप मुझे गढ़ रहे थे।हिम्मत से आगे बढ़ा रहे थे। मैं आपका सपना थी और आप वह सपना पूरा कर रहे थे। आप राजनैतिक जलसों में भी साथ ले जाने लगे थे। राजनीति का क ख ग भी आपसे सीख रही थी।

अपने पैरों पर खड़े होना भी आपने सिखाया। यह था जिंदगी का एक खास कदम। जब आपने एक इंटर काॅलिज में सहायक अध्यापिका के रूप में मुझे नियुक्ति पत्र लाकर थमाया। आपने मेरा भविष्य बांच लिया था कि जीवन में मुझे क्या बनना है। मैं छोटी-छोटी रचनाएं लिखकर नवभारत टाइम्स में भेजा करती थी। आप पढ़ते और सराहते। पग पग पर आपके कठोर अनुशासन में मैं आगे बढ़ रही थी। मां ने टोका-टाकी बंद कर दी थी। अपनी दुकान का हिसाब किताब, खाता ठीक रखना,व्यापारी पत्राचार -सब आप सिखा रहे थे।आप ही मेरी पाठशाला, आप ही गुरु और मैं आपकी कामना।

आपको जुदा हुए पचपन साल हो गए। आपने जो रास्ते मुझे दिखाएं, जो बीजारोपण किया, मैं नहीं जानती थी कि वे सब इस प्रकार पल्लवित होकर वृक्ष बनेंगे।

हां एक बात बताना तो भूल ही रही हूं कि मुझे नहीं मालूम था कि आपका और मां का जन्म दिन कब था या आपकी वैवाहिक वर्षगांठ कब होती है, कभी आपको विश नहीं किया। उस समय यह प्रथा थी ही नहीं और लड़कियों का जन्मदिन याद रखना आवश्यक नहीं था।बस आपका जाना याद है। इक्कीसवीं सदी की देन पिता दिवस मुझे बहुत कुछ सिखा गया है। उसे शब्दों में नहीं बांध पा रही।

हां एक छोटा सा वाकया याद रहा है। उसे बिना लिखे बात अधूरी रह जाएगी।मैं उस समय सात साल की बच्ची रही होऊंगी। हमें सिखाया गया था कि बड़ों का नाम नहीं लेते। आपका नाम सूरज था। हमारे घर में न तो कभी सूरज निकला न छिपा। बस दिन निकलता रहा और छिपता रहा।आज भी सूरज नहीं निकलता।

कक्षा दो की बात है। अयोध्या सिंह उपाध्याय जी की कविता हमारी किताब में थी। अध्यापिका ने उस कविता की रीडिंग करने के लिए मुझे खड़ा कर दिया। पहली पंक्ति थी-सूरज निकला, चिड़िया बोलीं। मैंने सूरज छोड़ कर आगे पढ़ दिया। टीचर ने टोका-ढंग से पढ़ो। फिर वही,अब डांट खानी थी कि तभी एक छात्रा बोली-बहनजी, ये सूरज नहीं बोलेगी, ये इसके पिता जी का नाम है। पूरी कक्षा ठहाकों से गूंज उठी।

आप जहां से भी मुझे देख रहे हैं, मुझे लग रहा है कि आपकी आंखें भी नम हैं। और एक हल्की सी मुस्कान भी है -इतना ही, प्रणाम।

 

  • Related Posts

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    Spread the love

    Spread the love  सुश्री सरोज कंसारी                                              लेखिका एवं…

    नज्म

    Spread the love

    Spread the love    राजेन्द्र रंजन गायकवाड                                               (सेवा…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 9 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 25 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    कर्मफल  (भाग 25)

    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 10 views
    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 7 views
    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीदों को दी श्रद्धांजलि