सुनील कुमार वर्मा
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मोलभाव
(लघुकथा)
शाम का वक्त था। आखिरकार लगभग आधे घंटे तक बहसबाजी, मोलभाव और भला बुरा कहने के बाद किच किच की इंतेहां को ताक में रखते हुए उस पढ़ी लिखी और संभ्रांत महिला ने सब्जी वाले से सौ रुपए की सब्जी खरीद ली और गलती से पांच सौ रुपए का एक नोट देकर जाने लगी। तब सब्जी वाले ने महिला को पुकारा और उसके पास जाकर उस पांच सौ रूपए के नोट के बदले ईमानदारी से अपनी सब्जी के सौ रुपए ले लिए। इस पर उस महिला ने अहंकार वश कहा।
“आश्चर्य है! तुमने बिना लालच के मेरे रुपए वापस कर दिए। तुम चाहते तो नहीं लौटाते और रख लेते।”
सब्जी वाले ने मासूमियत से कहा।
“मैंने एक बार सोचा कि, रख लेता हूं…पर आपके मोल भाव करने के तरीके से मुझे लगा कि, शायद मुझसे ज्यादा आपको इन पैसों की जरूरत है.”
इतना कहकर वह सब्जीवाला वहां से लौट गया। वह महिला अब भी वहां खड़ी होकर उस पांच सौ रुपए के नोट को देख रही थी।







