राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
रायपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
दूसरा चेहरा
(लघु कथा)
रामदयाल गाँव का सबसे सम्मानित आदमी था। सफेद धोती-कुरता, माथे पर चंदन का तिलक, और हमेशा मुस्कुराता चेहरा। लोग कहते थे, रामदयाल भाई सच्चे संत और समाज सुधारक हैं। वो गरीबों को अनाज बाँटता, मंदिर में पूजा कराता, बच्चों को नैतिक कहानियाँ सुनाता, गाँव वालों की हर मुसीबत में सबसे पहले वह पहुँचता।
उसके घर के बाहर हर शाम चाय की दुकान पर भीड़ लगती। रामदयाल चाय पीते हुए कहता, भाई ! दुनिया में ईमानदारी ही सबसे बड़ी पूँजी है, झूठ बोलने वाला कभी सुखी नहीं रहता। सब सिर हिलाते। लेकिन रामदयाल की एक गुप्त आदत थी जिसे कोई नहीं जानता था।
रात को जब पूरा गाँव सो जाता, वह अपनी पुरानी साइकिल निकालता और पाँच किलोमीटर दूर शहर की ओर चला जाता। वहाँ एक पुरानी कोठरी में एक औरत रहती थी जिसमें ललिता, रामदयाल की दूसरी पत्नी रहती थी, जिसकी शादी उसने गुप्त रूप से अकेले एक मंदिर में की थी। गाँव में तो उसकी पहली पत्नी राधा थी जो बीमार रहती थी। रामदयाल दिखावे के लिए राधा की सेवा करता उस ने कभी किसी को नहीं बताया कि उसने ललिता से गुप्त शादी की है। ललिता रोज पूछती, “कब तक मुझे यहां छिपाऊँगे? मैं भी तो औरत हूँ। मुझे भी इज्जत चाहिए।
रामदयाल मुस्कुराता और कहता, “समय आने दो गाँव वाले अभी तैयार नहीं हैं।”
एक दिन गाँव में सूखा पड़ गया फसलें सूखने लगीं लोग रामदयाल के पास आए। उसने कहा, भाइयों, “चिंता मत करो मैं शहर से बीज और खाद लाकर दूँगा अपना पैसा आपके भले के लिए लगा रहा हूँ। लोग उसकी दया पर रो पड़े बोले आप सच्चे देवता हो अवतार हो।
उसी रात रामदयाल ललिता के पास गया। ललिता ने कहा – अब तो गाँव वाले जान गए होंगे कि आप कितने अच्छे दयालु आदमी हैं। अब शादी का ऐलान कर दो सब लोग स्वीकार कर लेंगे।
रामदयाल हँसा। अभी नहीं अभी तो मैं सबका भरोसा हूँ अगर पता चल गया कि मेरी दो शादियाँ हैं, तो लोग कहेंगे मैं पाखंडी और धोखेबाज हूँ। ललिता चुप हो गई।
अगले दिन अचानक खबर आई रामदयाल के खेत में एक पुराना कुआँ मिला है, जिसमें पानी भरा है गाँव वाले खुश हुए लेकिन जब उन्होंने कुएँ को साफ करने के लिए उतरे, तो अंदर से पन्नी और प्लास्टिक में ठीक से पैक एक पुरानी डायरी मिली। जिसमें उसने अपनी प्रेमिका दूसरी पत्नी के संबंध साथ साथ पिछले चौदह साल से वह गाँव की जमीनों के कागजात बनाकर शहर में बेचने की जानकारी थी। यहां तक गांव के मंदिर के देवता का चांदी का मुकुट भी उसी ने चुराया था।
दिखाने वह गरीब बहुत सादगी का जीवन जीता। किसानों से सस्ते दाम पर जमीन खरीदकर, सरकारी योजनाओं के नाम पर ठगी कर लोगों को मुफ्त अनाज,कंबल और लोकप्रियता बटोरने के बच्चों को टॉफी बाँटता था। रामदयाल की सारी करतूतों को पढ़कर गाँव का गांव सन्न रह गया।
जब लोग रामदयाल के घर पहुँचे, तो उसका घर सूना था। उसकी पहली पत्नी राधा रो रही थी उसने बताया, वह कल रात ही किसी औरत के साथ शहर भाग गया है, मैं बीमार औरत अब कैसे जिऊंगी? लोगों की आंखों में आंसू बह रहे थे।
लोगों को अब याद आ रहा था कि रामदयाल हमेशा कहता था, आदमी कुछ और होता है, कुछ और दिखता है। दरअसल हर आदमी के कई चेहरे होते हैं। उस दिन गाँव ने समझा कि यह बात उसने अपने बारे में ही कही थी, कितना दोगला और धोखेबाज आदमी था। तभी गांव का बूढ़ा आदमी बोल उठा – भाइयों, कभी-कभी सबसे सीधा और धर्मात्मा दिखने वाला चेहरा, कितना काला होता है ? वक्त उसे एक दिन बता देता है। अफसोस इस बात का है कि कुछ लोग आँखे होकर भी अंधे होते हैं।







