सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
‘ये जिंदगी चिंताओं और उदासी में बिताने के लिए नहीं!’
-सुश्री सरोज कंसारी
===========================
वक्त से लड़ते रहे हम इस कदर,
कि वक्त निकल गया और जी न पाए।
जीवन के ये अनमोल लम्हें हैं,
इन्हें खोकर यूँ उदास न रहना…
जो बीत गया उस पर पछताने के बजाय, हमको आज के बचे हुए बहते क्षणों को पूरी खुशी और खुले दिल से जीना होगा। वक़्त अगर गमगीन है तो थोड़ा सब्र कर। आँखें जब आँसुओं से भीग जाएँ, दिल में दर्द काँटे सा चुभे, ज़िंदगी समस्याओं से घिर जाए—तो घबराकर कल्पनाओं में मत सिमट जाना। खुद को मायूस मत करना। वक्त से कोई आगे नहीं जा सका। बस दुख के पल बीत जाने तक इंतज़ार करना होगा। सुख और दुख के बीच हमेशा संतुलन बनाना सीखो। होनी-अनहोनी, दुर्घटना या तकलीफ के समय अगर खुद को संभाल लिया तो आगे उम्मीद की नई किरण ज़रूर मिलेगी। अगर टूटकर खुद को बिखेर दिया तो संवरने के हर अवसर खो दोगे।
किसी बात से परेशान होकर, क्रोध या नकारात्मकता में वो शक्ति-सामर्थ्य मत खो देना जिसे तुमने मुश्किल से पाया है। सचेत रहना है। अपनी भलाई-बुराई का ध्यान खुद रखना है। दुनिया को जानने से पहले खुद को समझना है। ये रिश्ते-नाते, सगे-संबंधी, मित्र-परिचित, पद-प्रतिष्ठा सब तभी तक साथ हैं जब तक तुम स्वस्थ हो और किसी काम के हो। जिस दिन शारीरिक, मानसिक या आर्थिक रूप से कमज़ोर हुए, कुछ दिन दया-सहानुभूति तो मिलेगी, पर सहयोग, साथ और समय बहुत कम लोग देंगे।
घमंड मत करना कि कोई तुम्हारी ज़िंदगी का अनमोल हिस्सा है। जहाँ स्वार्थ हावी होता है, वहाँ एक पल नहीं लगता छोड़ने में—चाहे तुम कितना भी समर्पण कर लो। किसी के मोह में डूबकर अपना वजूद मत खोना। जीवित रहने के लिए बहुत कुछ सहना पड़ता है। बुरे वक्त में डगमगाना नहीं, खुद निकलने की कोशिश करना। सहारा अक्सर इंसान को बेचारा बने रहने पर मजबूर कर देता है।
हर पल अपने चरित्र, व्यवहार और सोच के प्रति सचेत रहो। खुद को गलत लोग, गलत कार्य और गलत दिशा से बचाओ। विपरीत हालात में डरो मत। ऐसा कोई कदम मत उठाओ जिससे शर्मिंदगी हो। तुम्हें गिराने की हिम्मत किसी में न हो—आँख में अंगार और बातों में धार रखो। जहाँ जैसी ज़रूरत हो, वैसा व्यवहार करो। झुकना सम्मान है, पर जहाँ लोग उसे कमज़ोरी समझें वहाँ पत्थर बनकर वार करो। मोम बनकर पिघलते रहे तो नष्ट हो जाओगे। यहाँ ज़्यादातर लोग चालाकी, झूठ और षड्यंत्र से भरे हैं—सोच-समझकर भरोसा करना।
जीवन का हर पल एक अलग सबक, माहौल और सोच लेकर आता है। सुख-सुविधा में जी रहे हो तो यह ईश्वर के विशेष आशीर्वाद का ही परिणाम है। अच्छे दिनों में ऐसा कर्म करो जिससे किसी का भला हो। दया, दान, धर्म, सेवा, सहयोग और क्षमा—ये मानवीय गुण कभी मत भूलो। जीवन के हर कदम पर सच्चे बने रहो। तकलीफ के पल में अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना सबसे ज़रूरी है। भावनाओं में बहकर उठाया गलत कदम जीवन भर का पछतावा दे जाता है।
ये मत सोचो कि आज के बुरे हालात हमेशा रहेंगे। खुद पर यकीन करो। अगर समझदारी से काम लो, हार न मानो, हर बार प्रयास करते रहो—तो एक दिन तुम्हारा जीवन खुशियों से भर जाएगा। जो तुम्हें रुलाने में अपनी शक्ति लगा रहे हैं, वो ज़रूर हारेंगे। इस दुनिया में समय की शक्ति से बढ़कर कुछ नहीं। समय किसी एक का नहीं होता। सबको मौका मिलता है, सबकी बारी आती है। तब तक सहन करो। जल्दबाज़ी में गलत कार्य मत करो। कर्म से ही महानता मिलती है।
शोर मत करो कि तुम्हें क्या तकलीफ है, किसने दुख दिया, क्यों दिया। बस शांत होकर अपना कर्म करो। समय के पास हर गुनाह की सज़ा तय है। तुम्हारा बुरा वक्त भी बीत जाएगा। वक्त का पहिया घूमता है, हर किसी से होकर गुज़रता है। डरो मत, हर चुनौती का सामना करो। जब तक विपरीत दौर से गुज़र रहे हो, प्रत्येक क्षण कष्ट से भरा लगेगा। इस दर्द को सहना मुश्किल होगा। पर हिम्मत रखो—एक दिन सब ठीक होगा। यही उम्मीद तुम्हें आगे बढ़ाएगी।
आज जो है वो बीत रहा है, तुम्हें पता नहीं चल रहा। समझो—बिना कर्म के कुछ हासिल नहीं होता। रोते मत रहो। कुछ बातों को हँसकर टालना भी ज़रूरी है। जीवन में दुख और सुख दोनों को स्वीकार करना पड़ेगा। सुख के पल में लगता है काश ये लम्हे ठहर जाएँ। अच्छे समय में रिश्ते-नाते, मित्र, अपनों का प्यार, परवाह, सुरक्षा, रस्म-रिवाज़—सब त्योहार सा लगता है। और जब दुख की घड़ी आती है, किसी बड़ी समस्या में होते हो, तो घबरा जाते हो। पर अगर मनुष्य खुद को समझे, साथ दे और आंतरिक मजबूती बनाए रखे, तो समस्याओं के समाधान निकल आते हैं। जो अपनी गलती स्वीकार कर लेते हैं, उनमें सुधार की संभावना बढ़ जाती है। हर एक पल-पल अनमोल है, चिंता में व्यर्थ न गंवाएं।
—————————————————







