डॉ0 हरि नाथ मिश्र
पूर्व विभागाध्यक्ष-अँगरेजी,
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
बरसात की बूँदें
गीत
देख गगन में काले बादल,
परम मुदित मन होता है।
झर-झर झरतीं बूँदों का जल,
अखिल अवनि-मल धोता है।।
देख गगन में काले बादल……….।।
प्यासी धरती हर्षित होती,
मन-मयूर नर्तन करता।
ग्रीष्म-तप्त हर हिय में यह जल,
प्रकृति-प्रेम-दर्शन भरता।
करे अंकुरित शीघ्र बीज जो,
धरा-गर्भ में सोता है।।
देख गगन में काले बादल……..।।
विरह-वेदना-तप्त-विरहिणी,
लखकर वर्षा-जल-कण को।
भींग-भींग कर इन बूँदों में,
लगता जीती पिय-रण को।
जल की बूँदें उसे हँसातीं,
जो दिल पल-पल रोता है।।
देख गगन में काले बादल……………।।
धरा सुशोभित होती धारे,
हरियाली जल-सिंचन से।
अन्न-फूल-फल बढ़कर लगते,
हीरे – मोती – कंचन से।
पवन बूँद की टप-टप ध्वनि में,
प्यारा गीत पिरोता है।।
देख गगन में काले बादल………….।।
वर्षा की जल-बूँदें अमृत,
अमृत प्राणाधार रहे।
‘जल ही जीवन’ सूत्र जगत का,
जल बिन नहीं बहार रहे।
बूँद-बूँद से टपका जल ही,
प्यासा गला भिगोता है।।
देख गगन में काले बादल,
परम मुदित मन होता है।।







