
मीडिया प्रभारी अल्मोड़ाः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखंड)
बैशी कार्यक्रम में शामिल हुई कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या
अल्मोड़ा: आज 30 जून जनपद के ज्यूला (रजवार तोक) स्थित सुप्रसिद्ध ‘गुरु गोरखनाथ मन्दिर’ में इन दिनों पावन बैशी (जागर) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
मंदिर पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर समिति ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका भव्य स्वागत किया, जिसके बाद कैबिनेट मंत्री ने देव-आराधना करते हुए समस्त क्षेत्रवासियों और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं की सराहना करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और अगाध धार्मिक आस्था ही हमारी असली पहचान है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारी पावन धरा पर ‘बैशी’ और ‘जागर’ जैसी विधाएं एक अनमोल सांस्कृतिक विरासत हैं, जहाँ देवताओं का आह्वान कर उनकी विशेष पूजा-आराधना की जाती है और इस भक्तिमय व दिव्य माहौल में उपस्थित होकर उनका मन अत्यंत भावविभोर और ऊर्जा से भर गया है।
उन्होंने कहा कि हमारी यह पारंपरिक आस्था आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक है और इसे संजोकर रखना हम सबका परम कर्तव्य है, जिसके साथ ही उन्होंने इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान के सफल आयोजन के लिए समस्त ग्रामवासियों, आयोजकों और क्षेत्र की देवतुल्य जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।







