डॉ0 हरि नाथ मिश्र
पूर्व विभागाध्यक्ष-अँगरेजी,
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
दोहे
नेता बोले मधु वचन, जब-जब रहे चुनाव।
नहीं वही फिर क्षेत्र से, रखता कभी लगाव।।
होता नहीं दबाव से, जग में उत्तम काम।
करे कर्म कर्मठ सदा, बिना किए विश्राम।।
पड़ता प्रबल प्रभाव जब, सुंदर होती सोच।
फलतः होते कर्म शुचि, जग में निःसंकोच।।
पा प्रहार पत्थर विटप, दे फल मीठा मीत।
निज स्वभाव अनुरूप ही, सब हैं गाते गीत।।
जीवन पला अभाव में, गलता गया शरीर।
बना किंतु निज बोध से, बालक संत कबीर।।
गर्मी में रोचक लगे, शीतल-मंद समीर।
शोभा शरद अलाव है, वर्षा में प्रिय नीर।।
मनुज-मनुज में प्रेम हो, रखें सदा यह भाव।
सोच भली वह हो नहीं, जिसमें पले दुराव।।







