अनामिका सिन्हा पाठक ‘अर्श ‘
वाराणसी, (उ. प्र.)
(नया अध्याय, देहरादून)
‘प्रिय आना कभी काशी तुम’
प्रिय आना कभी काशी तुम… मिलूंगी तुमसे मैं सुबहो बनारस की तरह….।
बैठेंगे हम मां गंगा की घाटों पर….
महसूस करेंगे शिव के प्रति गंगा का दिव्य प्रेम, प्रेम की मर्यादा, प्रेम की शालीनता…।
काशी विश्वनाथ मंदिर के शोर) गुल/जयकारों में….
ध्यानस्थ आदियोगी महादेव के मौन में डूबेंगे साथ साथ….
प्रिय आना कभी काशी तुम….
मिलूंगी तुमसे मैं सुबहो बनारस की तरह….।
शिव की नगरी वाराणसी में स्वयं मां अन्नपूर्णा हाथ में सोने की कलछी और रत्नजड़ित चावल के पात्र ले मानव की क्षुधा ही नहीं आत्मा भी तृप्त करती हैं….
काशी में कोई भूखा नहीं रहता शिवशक्ति विराजमान हैं यहां….
मां अन्नपूर्णा की रसोई में जिमेंगे हम साथ साथ…।
प्रिय आना कभी काशी तुम….
मिलूंगी तुमसे मैं सुबहो बनारस की तरह।
अलमस्त, अति प्राचीन मंदिरों के शहर में पंडा/पुजारियों पंडितों/गुरुओं /कला साधकों/साहित्य साधकों/आध्यात्मिक साधकों , ज्ञानियों की भरमार यहां….
वेशभूषा से भ्रमित मत हो जाना…
धूल में लिपटे मिलेंगे बहुमूल्य फूल यहां…
मिलेंगे साथ साथ हम शिवत्व के प्रत्यक्ष प्रमाण परमयोगीयों, अघोरियों से…
उनकी दिव्य ऊर्जा से आलोकित करेंगे अपना आध्यात्मिक मार्ग…।
प्रिय आना कभी काशी तुम…
मिलूंगी तुमसे मैं सुबहो बनारस की तरह…।
दशाश्मेव घाट पर गंगा जल से शुद्ध करेंगे अपना तन और घाट पर गूंजते वैदिक ऋचाओं, मंत्रोच्चार , हवन, होमाद से शुद्ध होगा हमारा अंतःकरण…
फिर बैठेंगे हम मणिकर्णिका घाट पर जहां भस्मीभूत होगा हमारा अहंकार और पवित्र होगी हमारी आत्मा जिसमें होगा शिवत्व का वास…
देखेंगे हम मृत्य का उत्सव , करेंगे हम महाकाल का साक्षात्कार…।
प्रिय आना कभी काशी तुम….
मिलूंगी तुमसे मैं सुबहो बनारस की तरह…।
काल भैरव का है काशी पर पहरा….
सारनाथ में बैठें हैं गौतम बुद्ध अपने प्रथम उपदेश के साथ….
मां अन्नपूर्णा की रसोई यहां…
मोक्षदायिनी मां गंगा का अनुराग यहां….
काशी के राजा हैं महादेव हर घर में सम्राज्य इनका…
देवदीपापली में देखना तैंतीस करोड़ देवी देवताओं को स्वर्ग सहित काशी में बैठें हुए….
किस विधि करूँ मैं शिव की काशी का गुणगान, अल्प है मेरा ज्ञान, सीमित शब्द भंडारों से कैसे करूं निराकार को साकार…?
मन वृंदावन, मन शिवाला हो तभी जागृत होता है आनंदवन का ओंकार…
आओ हम अपने स्नेहिल आंसुओं से शिवशक्ति को रिझाएं…
नमः पार्वतीपतये हर हर महादेव के नारे से आदियोगी को जगाएं…।
प्रिय आना कभी काशी तुम….
मिलूंगी तुमसे मैं सुबहो बनारस की तरह…।







