लेखक: हरी राम यादव
सूबेदार मेजर (आनरेरी)
अयोध्या (उ. प्र.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जो लौट के घर न आए…
लांस नायक रामवीर सिंह, वीरगति प्राप्त।
17 जाट रेजीमेंट को कर्नल यू एस बावा की कमांड में 22 मई 1999 को मश्कोह घाटी में भेजा गया। यह रेजिमेंट 79 माउंटेन ब्रिगेड की कमांड के तहत काम कर रही थी, और समग्र संचालन नियंत्रण 8 माउंटेन डिवीजन के तहत किया जा रहा था। 30 जून 1999 तक भारतीय सेना ने कई महत्वपूर्ण स्थानों पर कब्जा कर लिया था, जिनमें पॉइंट 5140 और पॉइंट 4700 शामिल हैं। अगला महत्वपूर्ण स्थान जिसे कब्जा करना था वह पॉइंट 4875 था। पॉइंट 4875 से पाकिस्तानी घुसपैठिये मुगलपुरा से द्रास तक लगभग 30 किमी के राष्ट्रीय राजमार्ग पर हावी थे। पॉइंट 4875 पर कब्ज़ा करना मश्कोह में दुश्मन की गतिविधियों को रोकने और उसके पीछे हटने को मजबूर करने के लिए महत्वपूर्ण था। ब्रिगेडियर आर के कक्कर की कमान में 79 माउंटेन ब्रिगेड ने 17 जाट, 13 जम्मू कश्मीर राइफल्स, 2 नागा, 12 महार और 21 पैरा (विशेष बल ) के सैनिकों के साथ तोपखाने की कवरिंग फायर लेकर पॉइंट 4875 पर कब्जा करने के लिए एक योजना बनाई। पॉइंट 4875 को कई भागों में बांटा गया इसमें व्हेल बैक, पिंपल वन, पिंपल टू, साउदर्न स्लोप और फ्लैट टॉप तथा उत्तर की ओर ट्विन बम्प्स और सैडल मुख्य थे।
ऑपरेशनल योजना के अनुसार हमला 04 जुलाई को शुरू किया जाना था, और हमले के प्रथम चरण में 17 जाट रेजिमेंट को 05 जुलाई सुबह तक दक्षिण से पिम्पल वन और व्हेल बैक को कब्ज़ा करना था और 13 जम्मू कश्मीर राइफल्स को दक्षिण-पूर्व से साउथ स्पर और दक्षिण से पॉइंट 4875 को कब्ज़ा करना था। 21 पैरा (विशेष बल) की एक टीम सफ़ेद नाला के साथ एक अवरोध स्थापित करने वाली थी। 12 महार की एक कंपनी पॉइंट 4540 और टेकरी पर मजबूत बेस बना कर ट्विन बंप्स और पॉइंट 4875 के बीच दुश्मन को रोकने वाली थी। दूसरे चरण में 17 जाट को 07 जुलाई सुबह तक पिम्पल टू को कब्जा करना था और नॉर्थ स्पर तक आगे बढ़ना था। 13 जम्मू कश्मीर राइफल्स को उसी समय में फ्लैट टॉप पर कब्ज़ा करना था और 2 नागा को 07 जुलाई सुबह तक ट्विन बंप्स पर कब्जा करना था तथा उत्तर-पूर्व की दिशा में आगे बढ़ना था। कैप्टन अनुज नय्यर ‘चार्ली कंपनी’ के प्लाटून कमांडर के रूप में मेजर पदम जंघु के अधीन कार्यरत थे, जिसमें मेजर रितेश शर्मा, मेजर पदम जंघु के उप कमान के रूप में आगे बढ़ रहे थे।
सामरिक योजना के अनुसार हमला 04 जुलाई को 2100 बजे 17 जाट और 13 जम्मू कश्मीर राइफल्स द्वारा शुरू किया गया, पहले दुश्मन की पोस्टों पर दो बोफोर्स बैटरियों की गनों भीषण फायरिंग करके उनकी ताकत को कमजोर किया। 05 जुलाई को सुबह 0500 बजे तक 17 जाट की अल्फ़ा और डेल्टा कंपनियों ने मेजर आर के सिंह और मेजर दीपक रामपाल के नेतृत्व में व्हेल बैक और पिंपल वन पर कब्जा कर लिया। उसी समय 13 जम्मू कश्मीर राइफल्स ने फ्लैट टॉप को कब्जा कर लिया और दोपहर तक पॉइंट 4875 पर भी कब्जा कर लिया गया। कई जगहों पर दुश्मन टिका हुआ था इसलिए हमले का दूसरा चरण शुरू करना जरूरी था।
17 जाट की चार्ली कंपनी का नेतृत्व मेजर रितेश शर्मा कर रहे थे और उन्होंने 06 जुलाई की रात में व्हेल बैक की दिशा से पिंपल टू पर हमला शुरू किया। हमले के शुरुआती चरण में कैप्टन नय्यर के कंपनी कमांडर मेजर रितेश शर्मा स्प्लेंडर से घायल हो गए और उन्हें वहां से हटा लिया गया। मेजर रितेश शर्मा के वहां से हटते दी कैप्टन नय्यर ने कंपनी कमांडर का काम संभाल लिया। पाकिस्तानी घुसपैठियों ने पॉइंट 4875 पर कई बंकर बना रखे थे। कैप्टन नय्यर को वहां पर दुश्मन के 4 बंकर मिले, जो हमारी सेना पर ऑटोमेटिक मशीन गनों से हमला कर रहे थे। कैप्टन नय्यर और उनके सैनिकों ने बहादुरी से लड़कर उन बंकरों को ध्वस्त कर दिया। दोनों और से हो रहे इस युद्ध में लांस नायक रामवीर सिंह 06 जुलाई को दुश्मन की गोलीबारी में घायल हो गए और चोटों के कारण वीरगति को प्राप्त हो गए। अंतत 07 जुलाई 1999 को हमारे सैनिकों ने निर्धारित लक्ष्य पर कब्जा कर लिया। लांस नायक रामवीर सिंह के अलावा इस पूरे ऑपरेशन में वीरगति को प्राप्त हुए अन्य वीरों में कैप्टन अनुज नय्यर और 27 अन्य जवान शामिल थे। अन्य वीरगति को प्राप्त जवानों में हवलदार भगवान सिंह, हवलदार कुमार सिंह, हवलदार हरि ओम, हवलदार महावीर सिंह, नायक बलवान सिंह, नायक कृष्ण लाल, नायक ऋषिपाल सिंह, नायक राम स्वरूप सिंह, लांस नायक राजेश, लांस नायक विजय सिंह, लांस नायक राजबीर, सिपाही स्योदाना राम, सिपाही जितेन्द्र सिंह, सिपाही राज सिंह, सिपाही करण सिंह, सिपाही कालू राम जाखड़, सिपाही कांछी सिंह, सिपाही सत्यवीर सिंह, सिपाही सुरेन्द्र, सिपाही अनिल कुमार, सिपाही हवा सिंह, सिपाही नरेश कुमार, सिपाही शीश राम, और सिपाही वीरेन्द्र कुमार शामिल थे। लांस नायक राजेंद्र सिंह और सिपाही धरमवीर सिंह 08 जुलाई को और नायक श्याम वीर सिंह 09 जुलाई 1999 को अपनी चोटों के कारण वीर गति को प्राप्त हो गए।
लांस नायक रामवीर सिंह का जन्म जनपद आगरा के गांव रिठौरी में श्रीमती पूरन देवी और श्री भगवान सिंह के यहां हुआ था। इन्होंने जूनियर हाईस्कूल तक की शिक्षा अपने गांव के स्कूल और इंटरमीडिएट तक की शिक्षा कागारौल से पूरी की । इसके पश्चात जाट रेजीमेंट में भर्ती हो गए। जाट सेंटर बरेली में प्रशिक्षण पूरा होने के पश्चात इनकी तैनाती 17 जाट रेजीमेंट में हुई।
इनके परिवार में इनकी वीरांगना श्रीमती राजबीरी देवी, तीन बच्चे जिसमें बड़ी पुत्री कृष्णा कुमारी, पुत्र सुरेंद्र सिंह व प्रदीप चाहर है। इनकी माता जी का देहांत पहले हो चुका है। सन् 2021 में इनके पिताजी की भी मृत्यु हो गई।
वीरगति के समय सरकार की तरफ से लांस नायक रामवीर सिंह के परिजनों को छह बीघा जमीन आवंटन करने का वादा किया गया था, लेकिन सिर्फ दो बीघा जमीन ही मिली है। पूरी जमीन के लिए परिजनों ने काफी संघर्ष किया लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। सुरेंद्र सिंह पिता के शहीद होने पर मिली फतेहाबाद मार्ग स्थित गैस एजेंसी को संभालते हैं।







