Spread the love

 

 

सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी

 

 

                    (नया अध्याय, देहरादून)

 

तोडीडाली–पठाली–काकड़ा गाड मोटर मार्ग का निर्माण अधूरा, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी । 

 

        ऊखीमठ:  तोडीडाली–पठाली–काकड़ा गाड मोटर मार्ग का निर्माण कार्य वर्षों से अधर में लटका होने से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। लगातार मांग के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर अब जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 17 जुलाई से पूर्व मोटर मार्ग के शेष हिस्से का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो 18 जुलाई को लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस संबंध में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन प्रेषित कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि मोटर मार्ग के अधूरे रहने से क्षेत्र के अनेक गांवों के लोगों को आज भी कठिन परिस्थितियों में आवाजाही करनी पड़ रही है। मोटर मार्ग की स्थिति जर्जर होने के कारण मरीजों, स्कूली विद्यार्थियों, किसानों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी का कहना है कि कई वर्षों पूर्व स्वीकृत इस मोटर मार्ग से क्षेत्र के विकास और लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण कार्य बीच में ही रुक जाने से लोगों की अपेक्षाओं पर पानी फिर गया। कई बार विभागीय अधिकारियों के समक्ष समस्या उठाने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि बरसात के मौसम में पैदल मार्ग भी जोखिम भरे हो जाते हैं, जिससे ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। समय पर सड़क निर्माण पूरा होने से क्षेत्र में कृषि, बागवानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन गतिविधियों को भी नया संबल मिलेगा। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य के लिए आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराकर शेष कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि यदि विभाग 17 जुलाई तक कार्य शुरू नहीं करता है तो 18 जुलाई को बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि लोक निर्माण विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी। प्रधान मनवर सिंह नेगी ने बताया कि मोटर मार्ग निर्माण का मुख्य उद्देश्य तहसील मुख्यालय के लिए वैकल्पिक मोटर मार्ग के साथ निकटवर्ती गांवों को यातायात से जोड़ना था मगर विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण मोटर मार्ग का निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा है।