सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
गोबरा नवापारा-राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“विचारों को साक्षी भाव से देखना और खुद में ठहराव की कला”
– सुश्री सरोज कंसारी
—————————————————
”आते-जाते विचारों को देख मानव,
न उलझ इनमें, बहता जा झरने सा।
इस ठहराव में ही छिपी शक्ति है,
साक्षी भाव से जीवन की डोर थामे जा।”
मन विचारों का केंद्र है। हर पल यहाँ न जाने कितने विचार आते और जाते हैं। समय के साथ ये विचार हमें तरह-तरह के एहसास देते हैं। कुछ तीखे, कुछ मीठे, कुछ चटपटे। विचारों के संग्रह से ही जीवन का हर पल बनता है। अगर कोई एक विचार मन-मस्तिष्क में तनाव भर दे, हम उसी में इतने उलझ जाएँ कि और कुछ करने का होश न रहे, थकान और बेचैनी बढ़ने लगे, तो उसे तुरंत छोड़ देना चाहिए। यह जीवन के लिए हानिकारक है।
हर मनुष्य का जीवन अनमोल है। तन और मन बीमार पड़ जाएँ तो उन्हें ठीक होने में बहुत समय लगता है। मानसिक मनोबल बनाए रखने के लिए जरूरी है कि हम किसी घटना या दुर्घटना को पकड़कर नकारात्मक और काल्पनिक सोच न बनाएं। जो विचार दर्द देते हैं, उन्हें बह जाने दीजिए। जब हम दुखद बातों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ते हैं, तब विचारों में शुद्धता आती है। नए जोश और उत्साह के साथ काम करने की इच्छा जागती है। मन को खुश रखने की सही वजह देना जरूरी है।
अंतर्मन के युद्ध को शांत करने के लिए एकांत में चिंतन और ध्यान कीजिए। समस्या को लेकर मन को बोझिल करने के बजाय समाधान ढूंढते रहिए। निष्क्रिय मत बैठिए। सक्रियता से काम करते हुए आगे बढ़ते रहिए। जीवन की किसी भी कड़वाहट को खुद में ठहरने मत दीजिए। जीवन में मिठास रखने के लिए मन को स्वतंत्र कीजिए।..भीतर की जंग को सिर्फ़ एक शांत मन ही रोक सकता है, बाहर के शोर को शांत करने के लिए अंदर की शांति बहुत ज़रूरी है।
गलती और सुधार की प्रक्रिया चलती रहेगी। हर इंसान में कुछ कमियाँ भी हैं और अच्छाइयाँ भी। इस यात्रा में कुछ न कुछ छूटता ही है। प्रयास करते हुए असफलता भी मिलती है। सही होकर भी बहुत कुछ सुनना पड़ता है। वक्त के फैसले को कोई नहीं टाल सकता, बस उसे स्वीकार करना सीखिए।…वक्त के साथ चलिए और अपने कर्म पर ध्यान दीजिए। दुनिया के किसी व्यक्ति के लिए अपने सम्मान, स्वाभिमान और लक्ष्य को मत छोड़िए। बस यह आत्मा की आवाज़ होनी चाहिए कि आप सही कर रहे हैं।
कोई पूरी तरह गलत नहीं होता, न ही पूरी तरह सही। परिस्थिति के अनुसार हर कोई अपनी समझ और व्यवहार से काम करता है। किसी पर उंगली उठाने से पहले खुद से पूछिए, क्या मैं पूरी तरह सही हूँ? अगर नहीं, तो खुद में सुधार करना ही सबसे बेहतर उपाय है। पहले अपनी जिम्मेदारी पूरी कीजिए। दूसरों को सलाह देने से बेहतर है खुद से शुरुआत करना। कर्म की चर्चा चारों तरफ होती है। जो बेवजह बातें करते हैं, उन्हें नजरअंदाज करके आगे बढ़िए। जिनका अपना कोई ईमान, व्यक्तित्व और सम्मान नहीं, उनकी बातों से अपनी शांति मत भंग कीजिए।
तुलना, ईर्ष्या, बैर, नफरत और झगड़ों में इस अमूल्य मानव तन का दुरुपयोग मत कीजिए। कर्मों के फल से कोई नहीं बचता, इसलिए अपनी राह पर चलिए। दुख का अंधेरा कितना भी घना हो, सुख के सवेरे का इंतजार कीजिए। क्रोध से जीवन का हर पल जलता है, धैर्य से गहरे ज़ख्म भी भरते हैं। बस, उम्मीद मत छोड़िए। जब विचारों के टकराव से मन अस्थिर हो, तो ध्यान को एकाग्र करने की कोशिश कीजिए। घबराने के बजाय कुछ देर शांत बैठिए। मन की निष्क्रियता से निकलकर जहाँ सुकून मिले, वहाँ जाइए। दिमाग में फालतू विचारों का ढेर मत लगने दीजिए। दु:खद यादों के घेरे से स्वयं को मुक्त करने की कोशिश किया कीजिये।
”शांत और स्थिर मन
मनुष्य की आंतरिक शक्ति जगाता है,
और उसकी जीवन-यात्रा में
एक ठहराव लेकर आता है।”
विचारों का आना-जाना स्वाभाविक है, किन्तु उनमें उलझने के बजाय झरने की भाँति लगातार बढ़ते रहना ही जीवन होता है। जब हम बाहर की उथल-पुथल को छोड़ देंगे तो अपने भीतर ‘ठहराव’ ले आते हैं, तभी हमें वास्तविक आत्मिक शक्ति मिलती है। जीवन के हर उतार-चढ़ाव को तटस्थ होकर देखना और अपनी डोर को थामे रखना ही मानसिक शांति है।
………………………………………………………






