संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
वाहन चोर गिरोह के खुलासे पर एसपी विनोद कुमार को मिला प्रशस्ति-पत्र।
कन्नौज: जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं के सफल अनावरण और अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार को एडीजी जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
हाल ही में थाना सौरिख पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 10 चोरी की मोटरसाइकिलें, चार इंजनों के साथ कटे हुए वाहन पार्ट्स तथा पांच अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी विभिन्न जनपदों में वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय थे और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस उल्लेखनीय सफलता और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए एडीजी जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने इसे जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।






