संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जल जीवन मिशन की परियोजनाओं में गुणवत्ता से समझौता नहीं : डीएम
कन्नौजः कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जीवीपीआर और वीएसए संस्था के प्रतिनिधियों से ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचना चाहिए। गांवों में कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति भी स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए।
डीएम ने ‘जल सारथी’ मोबाइल एप का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल मित्र, ग्राम सचिव, लेखपाल और पंचायत सहायकों समेत संबंधित कर्मचारियों के मोबाइल में एप उपलब्ध होना चाहिए। इसके माध्यम से ग्राम पंचायतवार पेयजल योजनाओं की प्रगति, पाइपलाइन, ओवरहेड टैंक, पंप हाउस और घरेलू नल कनेक्शन की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।
उन्होंने पात्र परिवारों को अधिक से अधिक घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही पुरानी पेयजल टंकियों के मरम्मत और पुनर्स्थापन के लिए विकासखंड स्तर पर सर्वे कराकर सूची कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी और बीडीओ को दिए।
नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्माणाधीन जल जीवन मिशन परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि परियोजनाएं निर्धारित समय में पूरी हों और निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।
अवैध वसूली की जांच के निर्देश
बैठक में तिर्वा के अन्नपूर्णा मंदिर में मेले के दौरान अवैध ऑटो स्टैंड के संचालन और वसूली की शिकायत का मामला भी उठा। जिलाधिकारी ने एसडीएम तिर्वा को मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना अधिकृत व्यवस्था के अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, एसडीएम तिर्वा वैशाली, प्रभारी जिला विकास अधिकारी राजकुमार लोधी, परियोजना निदेशक डीआरडीए रामऔतार सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।







