ब्यूरो कुमाऊं: दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
(नया अध्याय, देहरादून)
जनपद के सभी न्यायालयों में आयोजित होने जा रही हैं राष्ट्रीय लोक अदालतें, जिसमें सुलह समझौते के आधार पर किया जाएगा वादों का निस्तारण।
अल्मोड़ा: जनपद अल्मोड़ा के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होने जा रही है जिसमें वादों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर कराया जा सकता है। वादकारियों एवं जनता से श्रीमती अनामिका सिंह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा द्वारा यह अपील की गई है कि जो भी व्यक्ति अपने मामले को राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 12सितंबर 2026 के माध्यम से निस्तारित कराना चाहते हैं वे अपना मामला राष्ट्रीय लोक अदालत की तिथि से एक दिन पूर्व तक भी किसी कार्य दिवस में संबंधित न्यायालय में स्वयं या अधिवक्ता के माध्यम से आवेदन कर नियत कर सकते हैं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में केवल वही वाद नियत किए जाते हैं जिनका निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर विधि अनुसार किया जा सकता है तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के विषय में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि न्यायालय में कोर्ट फीस जमा की जा चुकी है एवं वाद का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में कराया जाता है तो पक्षकार द्वारा जमा की गई कोर्ट फीस पूर्ण रूप से वापस की जाती है।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बताया गया कि निम्न मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जा सकता है, जैसे कि – फौजदारी शमनीय मामले (जिसमें कानूनी रूप से राजीनामा हो सके), लेबर एवं नियोजन के विवाद, पैसे के लेन-देन के मामले, विवाह से संबंधित पति-पत्नी के विवाद(तलाक के मामले को छोड़कर), अन्य दीवानी मामले जैसे किरायेदारी,व्यादेश,विनिर्दिष्ट अनुपालन आदि के मामले,चैक बाउंस के मामले, मोटर एक्सीडेंट के मुआवजे के मामले, बिजली/पानी के बिलों के मामले (नमनीय), भूमि अधिग्रहण मामले, राज्स्व के मामले, उपभोक्ता फोरम में लंबित वाद,मोटर वाहन अधिनियम के अधीन शमनीय प्रकृति के ट्रैफिक चालान आदि का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किए जा सकते हैं।







