संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
नशामुक्ति की शपथ के साथ युवाओं ने दिखाई प्रतिभा।
कन्नौजः ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत मंगलवार को कन्नौज पब्लिक स्कूल में मेरा युवा भारत की ओर से आठ जनपदीय प्रतियोगिताएं कराई गईं। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा। जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने बताया कि अभियान आगामी 100 सप्ताह तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से चलाया जाएगा।
प्रतियोगिताओं में लोकगीत, लोकनृत्य, चित्रकला, भाषण, स्लोगन लेखन, कविता पाठ, रील और नुक्कड़ नाटक शामिल रहे। प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कन्नौज का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों और अतिथियों ने नशामुक्ति की शपथ ली और हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया। विजेताओं को स्मृति चिह्न व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज समेत शिक्षक, निर्णायक और स्वयंसेवक मौजूद रहे।







