संवाददाता आगर मालवा : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मानव अधिकार आयोग एवं आमजनों के मध्य सेतु का काम करेंगे आयोग मित्र – डॉ. सिंह।
मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष ने आगर में प्रेसवार्ता में मीडिया से किया संवाद।
आगर मालवा : मानव अधिकार आयोग द्वारा जिला स्तर पर आयोग मित्र नियुक्त किए जा रहे हैं। यह आयोग मित्र आमजनो और आयोग के मध्य सेतु का काम करेंगे और मानव अधिकारों के संरक्षण में सहयोग करेंगे। यह बात मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने सर्किट हाउस में मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कही। इस मौके पर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, आयोग के डीआईजी श्री मुकेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी श्री दिलीप सोनी व अन्य अधिकारी तथा पत्रकारगण, मीडिया के साथी उपस्थित थे।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि आयोग द्वारा आयोग में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर जाकर सुनवाई की जा रही है, इससे प्रकरणों के निराकरण में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि मानव अधिकारों को संरक्षण आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आयोग जनसुनवाई, समाचार पत्रों और सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से प्राप्त मानव अधिकारों के उल्लंघन के शिकायतों की सूचना पर समय-समय पर स्वत: संज्ञान में लेकर कार्यवाही करता है। आयोग का उद्देश्य आमजनों के मानव अधिकारों का संरक्षण करना है।







