सम्पादक फिरोजपुरः राजीव कुमार

(नया अध्याय, फिरोजपुर)
फिरोजपुर में ‘हमारे राम’ नाटक का हुआ भव्य मंचन
प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा और राहुल आर. भुचर ने फेलिसिटी ट्रूप के साथ दी शानदार प्रस्तुति।
विधायक रणबीर भुल्लर और रजनीश दहिया ने दर्शकों के बीच शामिल होकर देखा नाटक।
श्री राम जी की शाश्वत शिक्षाओं और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है शो का उद्देश्य।
फिरोजपुरः 30 अगस्त। पंजाब सरकार के सहयोग से आज जेनेसिस इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस एंड रिसर्च, फिरोजपुर के ऑडिटोरियम में प्रसिद्ध नाटक ‘हमारे राम’ के दो शो आयोजित किए गए।
इस अवसर पर फिरोजपुर शहरी के विधायक स. रणबीर भुल्लर और फिरोजपुर ग्रामीण के विधायक श्री रजनीश दहिया ने ‘हमारे राम’ नाटक की जोशपूर्ण प्रस्तुति के दौरान दर्शकों के बीच शामिल होकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। नाटक में भगवान श्री राम जी की शाश्वत शिक्षाओं और आदर्शों को बेहद खूबसूरती से मंच पर जीवंत किया गया।
इस दौरान प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा और राहुल आर. भुचर ने मुख्य भूमिकाओं में फेलिसिटी के करीब 150 ट्रूप सदस्यों के साथ शानदार प्रस्तुति दी।
विधायक रणबीर भुल्लर और रजनीश दहिया ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य भगवान श्री राम जी की शाश्वत शिक्षाओं को लोगों तक पहुंचाना, सनातन धर्म की मूल्यों को मजबूत करना तथा थिएटर के प्रभावशाली माध्यम से सत्य, न्याय, दया और एकता का संदेश फैलाना है। इस पहल के माध्यम से राज्य सरकार का उद्देश्य पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय सांस्कृतिक पहल के तहत पंजाब सरकार द्वारा अगस्त और सितंबर के दौरान 12 शहरों में 41 नि:शुल्क प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसकी उद्घाटन प्रस्तुति मोहाली में हुई थी। इसके अलावा मोहाली, जालंधर, फिरोजपुर, होशियारपुर, अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर, पटियाला, लुधियाना, संगरूर और खन्ना सहित विभिन्न शहरों में भी प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इन प्रस्तुतियों को नि:शुल्क रखा गया है, ताकि समाज के हर वर्ग के लोग भगवान श्री राम जी के जीवन और आदर्शों से परिचित होकर उनसे प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम के उद्देश्य पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इसका मुख्य मकसद भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक विरासत को बढ़ावा देकर युवा पीढ़ी को प्रेरित करना तथा विश्व स्तरीय थिएटर कला की उत्कृष्टता को प्रदर्शित करना है।
उन्होंने कहा, “सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि ऐसे कार्यक्रम सनातन धर्म की शिक्षाओं को लोगों के और करीब लेकर आएं तथा युवा पीढ़ी को इन शाश्वत मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करें।”
इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) कृष्णा पाल राजपूत और एसडीएम फिरोजपुर अभिषेक कुमार भी उपस्थित रहे।







