सम्पादक कुमाऊंः दयानन्द कठैत
(नया अध्याय, कुमाऊं)
सेवानिवृत्त केन्द्रीय कर्मचारी कल्याण समिति अल्मोड़ा की मासिक बैठक सम्पन्न, विभिन्न मांगों को लेकर उठाए सवाल।

अल्मोड़ा: नगर निगम अल्मोड़ा में 12 सितंबर 2026 शनिवार को सेवानिवृत्त केन्द्रीय कर्मचारी कल्याण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता एम सी शाह ने तथा संचालन डॉ पी एस नेगी ने किया।
बैठक में तमाम मूलभूत मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि हमारे संगठन द्वारा कई जरूरी मुद्दों को पूर्व में भी शासन प्रशासन के सामने उठाया जा चुका है लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पुनः कई मांगें उठाई हैं जिनमें प्रमुख मांगें हैं – गैस सिलेंडरों की स्पॉट डिलीवरी के बजाय होम डिलीवरी की व्यवस्था की जाए, बंदरों/आवारा पशुओं से हो रही समस्या का समाधान,मिलन चौक से पल्टन बाजार अल्मोड़ा तक सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक दोपहिया वाहन प्रतिबंधित रहने चाहिए, ई रिक्शा चालकों के लिए नियम बनाया जाए कि वे सवारियां शिखर होटल के पास उतार कर फिर रिक्शा घुमाकर शिखर तिराहे पर ही खड़ी सवारियां बिठाएं जिससे कि महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा हो सके, शादी विवाह, नामकरण संस्कार, व अन्य शुभ कार्यों के अवसर पर ‘किन्नर’ बधाई के नाम पर मनमाना पैसा वसूलते हैं -इसके लिए एक न्यूनतम राशि तय की जानी चाहिए, यात्रियों की परेशानी को देखते हुए धारानौला से रघुनाथ सिटी मॉल तक तथा लोअर माल रोड पर ई रिक्शा संचालन की व्यवस्था की जाए जो नितांत आवश्यक है, नगर की सड़कों पर लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं जिन्हें तुरंत भरा जाना जरूरी है ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके और जाम जैसी स्थिति से निजात मिल सके, नगर की गलियों, नालियों तथा कूड़ेदानों के पास कीटनाशक दवाइयों का बार बार छिड़काव किया जाना चाहिए,आम जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए तथा प्रत्येक मुहल्ले में बरसात में उगी झाड़ियों का निस्तारण किया जाना चाहिए।
बैठक में संगठन द्वारा इस समिति के सचिव के भतीजे के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री शेष राम, नवीन चन्द्र जोशी, गंगा सिंह फर्त्याल, एम डी पाण्डे, डॉ. पी एस नेगी, आर पी जोशी, एम डी काण्डपाल, ए एस कार्की, टी एस कड़ाकोटी गणेश सिंह बिष्ट, एम बी साह, पी सी काण्डपाल आदि लोग मौजूद रहे।








