रुद्रप्रयाग ब्यूरोः
दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए मांगी रिश्वत,
पांच हजार लेते डॉक्टर गिरफ्तार।
रुद्रप्रयागः जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग के कोटेश्वर ईकाई में तैनात ऑर्थोपेडिक सर्जन पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए डॉक्टर को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए डॉक्टर से संपर्क किया था। आरोप है कि प्रमाण पत्र तैयार करने के लिए डॉक्टर ने उससे पांच हजार की मांग की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की गोपनीय तरीके से जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की कार्रवाई की। विजिलेंस टीम मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंची और डॉक्टर को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी डॉक्टर को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद विजिलेंस टीम ने डॉक्टर के आवास पर भी तलाशी ली। मामले में विजिलेंस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल चिकित्सक की कोटेश्वर स्थित चिकित्सालय में पूछताक्ष की जा रही है और विजिलेंस की टीम भी यही जांच कर रही है। बताया जा रहा है अब चिकित्सक को देहरादून टीम लेकर जाएगीं।







