सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
बासुकीताल-ऑडिन कोल ट्रैक पर लापता हुए 5 ट्रैकर्स,
खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सर्च अभियान स्थगित।
केदारनाथ: बासुकीताल ट्रैक रूट पर गए 5 सदस्यीय ट्रेकिंग दल से संपर्क टूट गया है। परिजन यशवंत सिंह चौहान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) रुद्रप्रयाग को सूचना दी कि उनके भाई प्रवेश चौहान 25 सितंबर को 5 साथियों के साथ केदारनाथ/बासुकीताल ट्रैक पर गए थे, जहां से ऑडिन कोल होते हुए गंगोत्री जाने की योजना थी। वर्तमान में परिजनो का दल से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस नियंत्रण कक्ष और वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर को अवगत कराया गया और 40वीं वाहिनी PAC से समन्वय स्थापित किया गया।
लापता ट्रैकर्स में-
1. अमित फर्सवाण, 40वीं वाहिनी PAC हरिद्वार
2. नवीन रावत, 40वीं वाहिनी PAC रुद्रप्रयाग
3. प्रवेश चौहान, फोरेस्टर, उत्तरकाशी
4. विवेक, निवासी जग्गी बगवान
5. संजय सिंह रावत, पशुपालन विभाग केदारनाथ शामिल हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून के निर्देश पर NDRF, SDRF और वन विभाग की टीमों द्वारा ट्रैक रूट पर सर्च अभियान शुरू किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर UCADA के सहयोग से हेलीकॉप्टर से भी सर्च किया गया, लेकिन उच्च हिमालयी क्षेत्र में कम दृश्यता के कारण हेलीकॉप्टर सर्च को स्थगित करना पड़ा।
मौसम अनुकूल होने पर कल सुबह फिर हेलीकॉप्टर से सर्च अभियान चलाया जाएगा, साथ ही जमीनी स्तर पर रेस्क्यू टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हैं।







