संवाददाता आगर मालवा : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
गरबे के जरिए मां आदिशक्ति की आराधना,
भजनों की धुन पर थिरके कदम।
कानड़ में मां बिजासन महिला मंडल एवं नगर परिषद के सहयोग से गरबा महोत्सव आयोजित, बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु।
कानड़ः नवरात्रि पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का प्रतीक है। इन दिनों मां दुर्गा की आराधना के साथ नगर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में नवरात्रि पर्व पर कानड़ नगर में मां बिजासन मंदिर प्रांगण स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान आकर्षक विद्युत सज्जा एवं रंग-बिरंगी सजावट से सजे गरबा पांडाल में माता रानी की आराधना की गई।
गरबा महोत्सव में नगर की बालिकाओं एवं युवतियों ने पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों एवं माता रानी के भजनों की मधुर धुन पर प्रतिभागियों ने गरबा नृत्य कर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु माता रानी की भक्ति में लीन नजर आए।
महिला मंडल के सहयोग से हुआ आयोजन।
गरबा महोत्सव का आयोजन मां बिजासन महिला मंडल ग्रुप एवं नगर परिषद के सहयोग से किया गया। आयोजन में विजयलक्ष्मी माली, नीलम शर्मा, मंजू राठौर, मधुबाला परिहार, आरती गुर्जर, सलोनी कटवा, नीलू राठौर एवं कविता शर्मा प्रियंका जैन सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन गरबा देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी एवं श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस रही मुस्तैद।
गरबा महोत्सव एवं मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। कानड़ थाना प्रभारी राजकुमार दांगी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर उपस्थित रहे और व्यवस्था पर नजर बनाए रखी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस गरबा महोत्सव ने नगर में धार्मिक उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल बना दिया। मां आदिशक्ति की आराधना के साथ गरबा नृत्य के माध्यम से श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की। गरबा महोत्सव का संचालन मुकेश बीजापारी द्वारा किया गया है







