ब्यूरो हरिद्वारः (नया अध्याय)
भारतीय जीवन मूल्यों के संवर्धन के लिए डॉ. दिनेश शर्मा दंपति को विनोबा भावे स्मृति सम्मान।
अलीगढ़ (हरिद्वार), [जम्मू प्रसारण]: अक्टूबर- शिक्षा, साहित्य, समाज सेवा एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन के साथ-साथ आचार्य विनोबा भावे के विचारों और सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार में विशेष योगदान के लिए अलीगढ़ महानगर के सामाजिक व आध्यात्मिक चिंतक, समीक्षक, आलोचक एवं साहित्यकार डॉ. दिनेश कुमार शर्मा को सम्मानित किया गया है। आचार्यकुल एवं थावे विद्यापीठ द्वारा 24-25 अक्टूबर 2026 को हरिद्वार के कनखल स्थित परमार्थ ज्ञान मंदिर में आयोजित वार्षिक हरिद्वार अधिवेशन-2026 में उन्हें ‘आचार्य विनोबा भावे स्मृति सम्मान’ से अलंकृत किया गया। उनके साथ ही उनकी सहधर्मिणी डॉ. सोमवती शर्मा (प्रधानाचार्य, श्रीमती द्रौपदी देवी जाजू बालिका इंटर कॉलेज, कासगंज) को भी

‘आचार्य विनोबा भावे स्मृति सम्मान’ से नवाजा गया। आप दोनों ने आचार्य विनोबा भावे के विचारों व सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार में विशिष्ट सेवा की है और वर्तमान में भी भारतीय जीवन मूल्यों के संरक्षण में संलग्न हैं। इस दो दिवसीय मानद हरिद्वार अधिवेशन में देशभर से आए विद्वानों, शिक्षाविदों, सामाजिक एवं धार्मिक कार्यकर्ताओं ने ‘राष्ट्रभाषा हिंदी का अतीत, वर्तमान और भविष्य’, ‘आचार्य विनोबा भावे का शिक्षा दर्शन और विद्यापीठ की भूमिका’, ‘श्रीमद्भगवद्गीता: युवा अवसाद के कारण और निवारण’ तथा ‘नई शिक्षा नीति में मातृभाषा का महत्व एवं भारतीय भाषाओं के विकास में विद्यापीठ की भूमिका’ जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर एक अखिल भारतीय काव्य संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसकी अध्यक्षता डॉ. दिनेश कुमार शर्मा ने की। डॉ. शर्मा दंपति शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए समाज में मानवीय मूल्यों, महिला सशक्तिकरण, भारतीय संस्कृति, हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। आप दोनों साहित्य एवं संस्कृति के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने, नई पीढ़ी में नैतिक चेतना विकसित करने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने में जुटे हुए हैं। डॉ. दिनेश कुमार शर्मा और डॉ. सोमवती शर्मा को यह मानद सम्मान मिलने से उनके शुभचिंतकों, सहयोगियों तथा परिचितों में हर्ष का वातावरण है। उनकी इस उपलब्धि को एक गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस सफलता पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दोनों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।








