मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मेयर अजय वर्मा के साथ किया नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण।
पार्किंग स्थलों की सफाई एवं प्रबंधन व्यवस्था का लिया जायजा, खाली स्थानों के सदुपयोग हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश।
नगर में अतिरिक्त पार्किंग एवं ऑडिटोरियम निर्माण की संभावनाओं को लेकर विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण।
अल्मोड़ाः जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज मेयर अजय वर्मा के साथ अल्मोड़ा नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर के पार्किंग स्थलों का पुनः निरीक्षण करते हुए पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की तथा सफाई व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन एवं खाली पड़े स्थानों के सदुपयोग को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पूर्व में निरीक्षण के दौरान पार्किंग भवनों के निचले हिस्सों में पाई गई गंदगी एवं खाली पड़े स्थानों की स्थिति का पुनः जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग भवनों के सबसे निचले हिस्सों में उपलब्ध खाली स्थानों का सकारात्मक एवं उपयोगी कार्यों में सदुपयोग करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही पूर्व में दिए गए सफाई संबंधी निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी जहां कहीं खाली स्थानों में गंदगी अथवा अव्यवस्था की स्थिति है, उसे तत्काल दूर किया जाए। पार्किंग स्थलों की सफाई, रखरखाव एवं प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मेयर अजय वर्मा एवं नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा के साथ थपलिया क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र में एक अतिरिक्त पार्किंग स्थल तथा ऑडिटोरियम के निर्माण की संभावनाओं को लेकर विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ संभावित स्थलों की उपयुक्तता पर चर्चा करते हुए आवश्यक संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अल्मोड़ा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। इसके लिए नगर निगम एवं संबंधित विभागों द्वारा निरंतर आवश्यक कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर में यातायात एवं पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है, ताकि भविष्य में बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकें।

भ्रमण के दौरान पार्षद कैलाश गुरुरानी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







