सुश्री सरोज कंसारी लेखिका एवं कवयित्री नवापारा राजिम रायपुर (छ. ग)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
लेख:
भावुकता में छिपी होती है गहरी संवेदना : सुश्री सरोज कंसारी
हमारा भावुक होकर रहना सच्ची भावना से जीना होता है। भावनाओं से जुड़े रिश्ते की नींव सबसे मजबूत होती है। गहरी संवेदनशीलता और समझ हमारी भावुकता में ही होती है, जो औरों का दुःख महसूस कराती है। भावुक हृदय को पाकर खो देना जीवन की सबसे बड़ी हार है, क्योंकि उसे खोकर जीवन में अफ़सोस का अंधेरा छा जाता है और उसे फिर से पाना बेहद कठिन होता है। भावुक मन में सच्चाई होती है, माफ़ी होती है और प्रेम की मिठास हर पल उसके मन को स्पर्श करती है। हर पल मन में हजारों प्रश्नों में उलझी होने पर भी सबके लिए उसके मन में शुभ भाव ही होता है।
भावुक मन नाजुक होता है, पर उसमें शक्ति अपार होती है। सबको खुश करके वह हर दुख अपने अंतस में भर लेती है, हर किसी के दुख को खुद में महसूस करती है। भावुक मन में हर छोटी बात का गहरा असर होता है, किसी भी दर्द की चुभन उसके मन-मस्तिष्क को पूरी तरह विचलित कर देती है। फिर भी वह औरों के हित के लिए खुद टूट जाती है, पर किसी को तकलीफ नहीं देती। उसका मन सरल और पावन होता है। भावुक व्यक्ति को समझ पाना हर किसी के वश की बात नहीं; भीतर के तूफानों से हर पल लड़ते हुए भी वह बाहर से एकदम शांत नजर आती है।
काव्य:
संवेदनाओं का सागर ही
संजोकर रखता है
हर हृदय के रिश्ते को,
इस गहरी संवेदना को
कभी कमजोरी न मानना।
भावुक मन में गहराई होती है, जिसमें मानवीय संवेदनाओं, प्रेम, करुणा, दया और क्षमा की असीम धाराएं अविरल बहती हैं। वह हर रिश्ते को दिल में सहेज कर रखती है, छल-कपट, ईर्ष्या, बैर और नफरत से दूर रहकर स्नेह की खुशबू बिखेरती है। वह इस सांसारिक जीवन की चालाकी, षड्यंत्र और धोखे से भरे लोगों की मानसिकता से अनजान होती है। दुख में भी कभी संयम नहीं छोड़ती, क्रोध में भी कभी किसी को नुकसान नहीं पहुँचाती, सहनशक्ति उसकी लाजवाब होती है। भावुक हृदय को तोड़ना इस दुनिया का सबसे बड़ा पाप है। आँसुओं में भीगकर भी वह प्रेम का दामन नहीं छोड़ती। भावुक व्यक्ति में किसी भी रिश्ते को निभाने की अद्भुत कला होती है। अपनों के लिए वह पूर्ण समर्पित होती है, भीतर दर्द और होंठों पर मुस्कान होती है। जिसे मान लेती है, उस पर कभी संदेह नहीं करती। जहाँ भावुकता है, वहाँ संवेदना है; जहाँ भावुकता नहीं होती, वहाँ कुछ भी वास्तविक नहीं होता।







