सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
कल वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद होंगे द्वितीय केदार मदमहेश्वर के कपाट।
19 नवम्बर को ऊखीमठ पहुंचेगी भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली।
मनसूना और ऊखीमठ में डोली आगमन पर लगने वाले मेलों की तैयारियां शुरू।
ऊखीमठ: पंच केदारों में द्वितीय केदार के रूप में पूजित भगवान मदमहेश्वर के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल विधि-विधान, धार्मिक परंपराओं और वेद ऋचाओं के उच्चारण के बीच भगवान मदमहेश्वर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली की शीतकालीन प्रवास यात्रा शुरू होगी। डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए 19 नवम्बर को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी।
भगवान मदमहेश्वर के कपाट बंद होने और चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल आगमन को लेकर मंदिर समिति सहित स्थानीय स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। डोली के ऊखीमठ आगमन पर मनसूना और ऊखीमठ में परंपरागत मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों को लेकर स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और मेला आयोजन से जुड़े लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दोनों स्थानों पर मेले के आयोजन को लेकर स्थानीय जनता में खासा उत्साह बना हुआ है।
मान्यता और परंपरा के अनुसार कपाट बंद होने के बाद भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी। यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर पुण्य अर्जित करेंगे। डोली के मनसूना पहुंचने पर वहां पारंपरिक मेले की रौनक रहेगी, जबकि ऊखीमठ पहुंचने पर ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। डोली के स्वागत के लिए क्षेत्रीय जनता और श्रद्धालु उत्सुक हैं।
मदमहेश्वर घाटी व ऊखीमठ के ग्रामीणों के लिए भगवान मदमहेश्वर की डोली का शीतकालीन प्रवास केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आपसी मेल-मिलाप का भी महत्वपूर्ण अवसर होता है। डोली आगमन पर आयोजित होने वाले मेले स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी गति देते है । डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी व सह प्रभारी दीपक पंवार ने बताया कि द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर के कपाट बन्द होने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं तथा सोमवार को शुभ लग्नानुसार भगवान मदमहेश्वर के कपाट शीतकाल के लिए बन्द किये जायेंगे। तीन दिवसीय मदमहेश्वर मेला मनसूना सचिव दलवीर नेगी ने बताया कि सोमवार से शुरू होने वाले मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण ने बताया कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश से शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर ऊखीमठ में आगमन पर आगामी 18 नवम्बर से 20 नवम्बर तक लगने वाले त्रिदिवसीय मदमहेश्वर मेले की सभी तैयारियां शुरू कर दी गई है।






