मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के प्रति आमजन को जागरूक करेगा जनगणना प्रचार रथ, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।
अल्मोड़ा: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनगणना प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करते हुए स्व-गणना के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज करें। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्राप्त स्व-गणना आईडी (Self Enumeration ID) को अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखें, क्योंकि आगे की जनगणना प्रक्रिया में इसकी आवश्यकता होगी।
जनगणन निदेशालय, उत्तराखण्ड एवं भारत सरकार द्वारा प्रत्येक जनपद में जनगणना प्रचार रथ भेजे जा रहे हैं। यह प्रचार रथ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को ऑनलाइन पंजीकरण, स्व-गणना की प्रक्रिया तथा जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता के महत्व के संबंध में जानकारी देगा और लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करेगा।
प्रचार रथ के माध्यम से नागरिकों को स्व-गणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग निर्धारित अवधि में स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर जनगणना कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनामिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






