सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
आस्था के सैलाब के बीच गिरीया गांव पहुंची भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली।
19 नवम्बर को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होंगे द्वितीय केदार, बाबा के स्वागत में 20 कुंतल फूलों से सज रहा ओंकारेश्वर मंदिर।
ऊखीमठ: द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास की यात्रा के अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ते हुए अंतिम रात्रि प्रवास के लिए गिरीया गांव पहुंच गई। भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश से शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ आगमन को लेकर पूरी मदमहेश्वर घाटी इन दिनों भक्तिमय माहौल में सराबोर है। डोली के गिरीया गांव पहुंचने पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों, धार्मिक जयघोष और पुष्प वर्षा के साथ आराध्य की उत्सव डोली का भव्य स्वागत किया। गांव में देर शाम तक दर्शनार्थियों की आवाजाही बनी रही तथा पूरा क्षेत्र बाबा मदमहेश्वर के जयकारों से गुंजायमान रहा।
भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली कल शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान होगी। डोली के आगमन को लेकर मंदिर समिति, हक-हकूकधारियों, तीर्थपुरोहितों और स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह बना हुआ है। ओंकारेश्वर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इस वर्ष बाबा मदमहेश्वर के शीतकालीन गद्दीस्थल आगमन को यादगार बनाने के लिए मंदिर को लगभग 20 कुंतल विभिन्न प्रजातियों के फूलों से सजाया जा रहा है। मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश द्वार और पूजा स्थल को फूलों से सुसज्जित कर भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।
मान्यता और परंपराओं के अनुरूप कैलाश से शीतकालीन गद्दीस्थल तक पहुंचने वाली भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली की यात्रा में प्रत्येक पड़ाव पर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था देखने को मिल रही है। मदमहेश्वर घाटी के विभिन्न गांवों में डोली के स्वागत के लिए ग्रामीणों ने विशेष तैयारियां की हैं। गांव-गांव में भक्तों द्वारा अपने आराध्य के दर्शन कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की जा रही है। डोली यात्रा के साथ चल रहे श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह बना हुआ है।
डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी ने बताया कि कल गिरीया गांव से भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ऊखीमठ के लिए प्रस्थान करेगी। ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान मदमहेश्वर को शीतकालीन गद्दीस्थल में विराजमान किया जाएगा। इसके साथ ही शीतकाल के दौरान भगवान मदमहेश्वर की पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में संपन्न होगी।

सह डोली प्रभारी दीपक पंवार ने बताया कि डोली के आगमन को लेकर ऊखीमठ सहित समूची मदमहेश्वर घाटी में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और श्रद्धालुओं में भी डोली आगमन को लेकर खासा उत्साह है। ओंकारेश्वर मंदिर की फूलों से सजावट और बाबा के स्वागत की तैयारियां क्षेत्र में धार्मिक उल्लास को और बढ़ा रही हैं। श्रद्धालुओं को अब गुरुवार को उस पावन क्षण का इंतजार है, जब द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर अपनी शीतकालीन गद्दी पर विराजमान होंगे। शिक्षाविद देवानंद गैरोला ने बताया कि भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश से ऊखीमठ आगमन पर मदमहेश्वर घाटी में खासा उत्साह बना हुआ है।






